पिता ही बार-बार करवाता 2 बहनों की शादी-सगाई, परिवार समेत दूल्हे के घर काटते मौज, फिर गहने-नकदी समेट कर हो जाते फरार

BHILWARA
Spread the love

Sikar: लुटेरी दुल्हनों का पिता भगत सिंह ही लोगों को ठगी का शिकार बनाने के लिए अपनी दोनों बेटियों की बार-बार शादी करवाता है या फिर सगाई करवाता है और उनसे रुपए लेता है और शादी के बाद अपनी बेटियों के साथ फरार हो जाता है।

Looteri Dulhan Kajal Arrested: एक साल से फरार शातिर लुटेरी दुल्हन काजल को दांतारामगढ़ पुलिस ने गुड़गांव से गिरफ्तार किया। थानाधिकारी जय सिंह बसेरा ने बताया कि 26 नवंबर 2024 को पीड़ित ताराचंद जाट पुत्र मंशाराम ने मामला दर्ज कराया था कि उसकी पहचान जयपुर में भगत सिंह नाम के व्यक्ति से हुई।

पीड़ित ने भगत सिंह को अपने दो बेटों की शादी के लिए लड़की ढूंढने की बात की। इस पर भगत सिंह ने अपनी दो लड़कियों की शादी उसके बेटों से करने की बात की और शादी से पहले 11 लाख रुपए विवाह की तैयारी के नाम पर पीड़ित ताराचंद जाट से ले लिए।

21 मई 2024 को खाचरियावास के निजी हॉस्पिटल के ऊपर गेस्ट हाउस में आरोपी भगत सिंह अपनी दोनों बेटियों काजल और तमन्ना एवं अपनी पत्नी सरोज और बेटे सूरज के साथ पहुंचे और पीड़ित के दोनों पुत्र भंवरलाल एवं शंकरलाल की शादी करवा दी।



शादी के 2 दिन तक दोनों दुल्हन और उसके माता-पिता और भाई यहीं पर रहे और दो दिन बाद बिना बताए पहने हुए गहने और कपड़े लेकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक पूरणमल को सौंपी। 18 दिसंबर 2024 को लुटेरी दुल्हनों के पिता भगत सिंह एवं उसकी पत्नी सरोज निवासी गोवर्धन मथुरा को गिरफ्तार कर लिया था और दोनों दुल्हनें और उसका भाई फरार थे। इसके बाद पुलिस ने दुल्हन तमन्ना और उसके भाई सूरज को भी गिरफ्तार कर लिया था। हालांकि दूसरी लुटेरी दुल्हन काजल अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर थी।

काजल एक साल से लगातार अपने ठिकाने बदल रही थी। हाल ही में पुलिस ने विशेष टीम गठित कर दूसरी लुटेरी दुल्हन की तलाश में तकनीकी सहायता व मुखबिर की सूचना से लुटेरी दुल्हन की लोकेशन को ट्रेस किया, जिसकी लोकेशन गुड़गांव के सेक्टर 17 में आई जहां पर पुलिस ने दबिश देकर काजल निवासी गोवर्धन मथुरा को गुड़गांव से हिरासत में लेकर पुलिस थाने में लाकर गिरफ्तार किया।

पूछताछ में सामने आया कि लुटेरी दुल्हनों का पिता भगत सिंह ही लोगों को ठगी का शिकार बनाने के लिए अपनी दोनों बेटियों की बार-बार शादी करवाता है या फिर सगाई करवाता है और उनसे रुपए लेता है और शादी के बाद अपनी बेटियों के साथ फरार हो जाता है। पुलिस ने आरोपी दुल्हन काजल को कोर्ट में पेश किया जहां से कोर्ट ने उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।