रेल मंत्री के पैरों में गिरीं महिलाएं:ब्लास्ट करके कुआं खोदा तो बढ़ा ‘शुगर लेवल’; टैंकर से मिली फेस्टिवल वाली ‘बंपर छूट’

BHILWARA
Spread the love


राजस्थान की राजनीति और ब्यूरोक्रेसी

रेल मंत्री को जयपुर में महिलाओं ने घेर लिया। पैरों में गिर गईं। बोलीं- हमारी जमीन रेलवे में जा रही है। मंत्रीजी बड़ी मुश्किल से निकले। भरतपुर में डॉक्टर साहिबा ने पुलिस को ‘बिना दवा’ वाला अनशन करने की चेतावनी दे दी। बालोतरा में टैंकर पलटा तो जनता को फेस्टिवल वाली बंपर छूट मिल गई।



1. रेलमंत्री से जमीन बचाने की गुहार

रेल मंत्रीजी नए बने स्टेशन का दौरा करने निकले। कार में जाकर बैठने ही वाले थे कि जाने कहां से कुछ महिलाएं सभी बैरियर तोड़ते हुए मंत्रीजी तक पहुंच गईं।

महिलाओं की जमीन रेलवे में जा रही थी। सामने रेल मंत्री। महिलाएं हाथ जोड़ते हुए पैरों में गिरने लगीं। कहा- हमारी जमीन बचा लीजिए। जमीन रेलवे में चली गई।



मंत्रीजी ने सांत्वना दी। इधर-उधर देख अफसर ढूंढे। उन्हें आदेश दिया कि मामला दिखाया जाए। गिड़गिड़ाती महिलाओं को अनदेखा कर कार में जाकर बैठ जाना भी मंत्रीजी असहज कर रहा था।

लेकिन आश्वासन सा देकर मंत्रीजी कार में बैठे और रवाना हो गए।

2. पुलिस की नाकामी और डॉक्टर साहिबा का दर्द

डॉक्टर साहिबा की आंखों में आंसू थे। डॉक्टर साहिबा फूट-फूट कर पुलिस अधीक्षक के दफ्तर के बाहर रो रही थीं।

उनके घर में 80 लाख की चोरी हुई थी। जेवर-कैश सब ले गए। डॉक्टर मैडम को शक है कि चोरी उन्हीं के एक स्टाफ ने कराई।

जिसे वे बहुत अपना मानती थीं। बहुत विश्वास करती थीं। उसने तकलीफ दी जो दी। पुलिस भी किसी काम की नहीं निकली।



बार-बार चक्कर काट चुकी हैं लेकिन पुलिस अभी तक चोरी का खुलासा नहीं कर सकी है। अब मैडम के सब्र का बांध टूट गया है।

मैडम ने कह दिया है कि बीमार हूं, दवाओं पर जी रही हूं। अगर चोरी का खुलासा नहीं हुआ तो अनशन कर दूंगी और दवाओं का त्याग कर डालूंगी।

3. बांसवाड़ा के स्कूल में ब्लास्ट करके कुआं खोदा

सिस्टम है कि सुधरने का नाम ही नहीं लेता। बांसवाड़ा में स्कूल परिसर में बिना प्रशासन की परमिशन लिए कुआं खोद दिया गया।

कुआं खोदना बड़ी बात नहीं है। लेकिन स्कूल में बारूदी ब्लास्ट के जरिए ये कुआं खोदा जा रहा था।



गनीमत ये थी कि जिस दिन ब्लास्ट किए गए उस दिन बच्चों की छुट्‌टी थी। लेकिन जो काम प्रशासन से छुपाकर किया जा रहा हो, उसमें ढूंढने पर और भी गड़बड़ियां निकलेंगी।

प्रशासन को इस कुएं की सूचना मिली तो डीईओ मैडम पहुंच गईं। फिर क्या था, कार्रवाई के डर से प्रधानाध्यापिका मैडम का शुगर बढ़ गया। अब पाबंद किया गया है।

4. चलते-चलते…

दीपावली का पर्व बीता। बाजारों में बंपर छूट मिली। कई तरह के ऑफर ने ललचाया। कहीं दो के साथ तीन फ्री तो कहीं आधी-आधी छूट।

लेकिन गांवों की दीपावली का क्या। वहां तो मॉल्स नहीं। साधारण बाजार जिन्हें अपने ढंग से सजाया गया।


लेकिन बालोतरा में एक गांव के लोगों को टैंकर ने बंपर छूट दे दी। सोयाबीन के तेल का टैंकर पलट गया।

जब लोगों को पता चला कि तेल का झरना बह रहा है तो झुंड के झुंड पहुंच गए। किसी के हाथ में बाल्टी तो किसी के हाथ में कैन। ऐसी बंपर छूट कि लूट ही मच गई।