राजस्थान हाईकोर्ट (जयपुर) को ई-मेल पर बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। शुक्रवार सुबह मिले धमकी भरे मेल के बाद बिल्डिंग को खाली कराया गया है।
फिलहाल सिक्योरिटी एजेंसियां और डॉग स्क्वॉड सर्च कर रहे हैं। विस्फोट की तलाशी के दौरान अतिरिक्त पुलिस जाब्ता भी तैनात किया गया है।
आम लोगों को कोर्ट परिसर से किया बाहर
सुरक्षा के लिहाज से कोर्ट में मौजूद सभी लोगों को परिसर से दूर रहने के लिए कहा गया है। धमकी भरे मेल करने की जांच साइबर टीम कर रही है, जिससे पता लगाया जा सके कि यह ई-मेल किस आईपी एड्रेस से भेजा गया है।
जयपुर में धमकी का लंबा सिलसिला
इससे पहले 30 सितंबर को भांकरोटा स्थित माय ओवन स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। स्कूल छुट्टी होने के कारण खाली थी। जांच के दौरान कुछ नहीं मिला था।

वहीं, 8 सितंबर को मानसरोवर स्थित स्प्रिंगफील्ड और शिवदासपुरा स्थित एक निजी स्कूल को ईमेल के जरिए धमकी दी गई थी। यहां भी जांच में कुछ नहीं मिला था। जयपुर में ही सिविल कोर्ट को भी पहले बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है।













