अंता उपचुनाव: सीएम भजनलाल शर्मा का रोड शो, चुनाव प्रचार के आखिरी दिन झोंकी ताकत

BHILWARA
Spread the love


Anta By Election: अंता उपचुनाव के अंतिम दिन सीएम भजनलाल शर्मा आज वसुंधरा राजे, मदन राठौड़, प्रेमचंद बैरवा और दुष्यंत सिंह के साथ अजीतपुरा बालाजी से रोड शो कर रहे हैं। 11 नवंबर को वोटिंग होगी।


राजस्थान की चर्चित अंता विधानसभा सीट पर उपचुनाव के प्रचार का आज आखिरी दिन है। इस मौके पर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा आज अंता कस्बे में रोड शो कर रहे हैं।

बता दें कि उनके साथ पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, उप मुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा, सांसद दुष्यंत सिंह और भाजपा प्रत्याशी मोरपाल सुमन विशेष रथ पर सवार रहेंगे। रोड शो की शुरुआत अजीतपुरा बालाजी से हुई और यह सीएडी चौराहा होते हुए ब्रह्मपुरी बालाजी तिराहा तक जाएगा।

पूरे मार्ग पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने स्वागत द्वार बनाए हैं और जनसमर्थन जुटाने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। कार्यक्रम को लेकर स्थानीय संगठन और प्रशासन दोनों ने खास इंतजाम किए हैं। मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर से पहुंचने के लिए कृषि उपज मंडी समिति परिसर में हेलीपैड तैयार किया गया है।

भाजपा ने इससे पहले भी 6 नवंबर को अंता में रोड शो आयोजित किया था, जिसमें मुख्यमंत्री शर्मा और वसुंधरा राजे ने संयुक्त रूप से भाग लिया था। आज का रोड शो चुनाव प्रचार की अंतिम कड़ी होगा, क्योंकि शाम 6 बजे के बाद प्रचार थम जाएगा।

अंता उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी मोरपाल सुमन का मुकाबला कांग्रेस उम्मीदवार प्रमोद जैन भाया और निर्दलीय नरेश मीणा से है। यह सीट भाजपा विधायक कंवरलाल मीणा की सदस्यता रद्द होने के बाद खाली हुई थी। कंवरलाल मीणा को 2005 में उप सरपंच चुनाव के दौरान एसडीएम पर पिस्तौल तानने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में तीन साल की सजा हुई थी।

बताते चलें कि अंता सीट पर वोटिंग 11 नवंबर को होगी और मतगणना 14 नवंबर को की जाएगी। चुनावी मैदान में जोर-शोर से प्रचार के बीच अंतिम दिन भाजपा ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है, जबकि कांग्रेस भी प्रत्याशी प्रमोद भाया के समर्थन में सक्रिय है।