छह माह से ठप पड़ा काम, ठेकेदार गायब दुकानदारों और राहगीरों की सांसें अटकीं
बिजौलिया । कस्बे के मालीपुरा से नेशनल हाइवे कट तक बन रही करीब एक किलोमीटर लंबी सीसी सड़क का निर्माण कार्य पिछले छह माह से अधर में लटका हुआ है। डीएमएफटी फंड से दो करोड़ रुपये की स्वीकृति के बाद 26 अप्रैल को जोर-शोर से काम शुरू हुआ था, लेकिन कुछ ही दिन बाद ठेकेदार ने पुरानी सड़क की गिट्टी उखाड़कर अचानक काम बंद कर दिया। इसके बाद से सड़क धूल और गड्ढों का ढेर बन गई है।

दिनभर उड़ती धूल से राहगीर परेशान हैं, वहीं दुकानदारों का कहना है कि गिट्टी उछलने से कई बार ग्राहकों और बच्चों को चोटें लग चुकी हैं। दुपहिया वाहन चालक आए दिन फिसलकर गिर रहे हैं, जबकि भारी वाहनों की आवाजाही से हालत और भी बदतर हो चुकी है। धूल के गुबार से लोगों को सांस लेने में तकलीफ होने लगी है।
स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि निर्माण कार्य रुकने के बाद से हालात दिन-ब-दिन बिगड़ते जा रहे हैं। बार-बार शिकायत करने के बावजूद सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे। लोगों का कहना है कि विभागीय उदासीनता और ठेकेदार की मनमानी से पूरा इलाका परेशान है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ठेकेदार ने जानबूझकर काम बीच में ही छोड़ दिया, जिससे पुरानी सड़क की खुदाई के बाद अब लोगों को आवागमन में भारी दिक्कत हो रही है। दिन में एक बार भी पानी का छिड़काव नहीं किया जा रहा है, जिससे धूल का बवंडर दुकानों, घरों और खाने-पीने की चीजों तक पहुंच रहा है।
स्थानीय निवासियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य तुरंत शुरू कराया जाए और ठेकेदार पर कार्रवाई की जाए। साथ ही सड़क पर नियमित रूप से पानी का छिड़काव कर राहत दिलाई जाए।
