बांसवाड़ा कलेक्ट्रेट में सोमवार को हुई जिला परिषद की साधारण सभा की बैठक में जमकर हंगामा हुआ। टीएडी सभागार में जनप्रतिनिधियों ने किसानों के फसल खराबे का उचित मुआवजा नहीं मिलने और जिले की जर्जर सड़कों की बदहाली को लेकर प्रशासन पर निशाना साधा। वहीं जिले के सबसे बड़े चिकित्सालय में व्यवस्थाओं को लेकर पीएमओ (प्रिंसिपल मेडिकल ऑफिसर) से भी तीखे सवाल किए गए।
बैठक में किसानों के फसल खराबे का मुआवजा पूरा दिलाने की मांग उठाई। सदस्यों ने कहा- अतिवृष्टि से बड़ी मात्रा में फसलें बर्बाद हो चुकी हैं, लेकिन अब तक किसानों को उचित मुआवजा नहीं मिला है। उन्होंने मांग की कि सर्वे कार्य पारदर्शी तरीके से किया जाए, ताकि वास्तविक हकदार किसानों को उनका हक मिल सके।
जर्जर सड़कों पर हंगामा, कलेक्टर का आश्वासन
जिले की सड़कों की बदहाल स्थिति को लेकर सदस्यों ने जमकर हंगामा किया। उन्होंने कहा- बारिश के बाद सड़कों की हालत इतनी बदतर हो चुकी है कि ग्रामीण इलाकों में आमजन को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

विधायक अर्जुन सिंह बामनिया और विधायक नानालाल निनामा ने भी अधिकारियों से जवाब तलब किया। जिला कलेक्टर इंद्रजीत यादव ने सदस्यों को आश्वासन दिया कि किसानों के मुआवजे और सड़क मरम्मत के मामलों पर शीघ्र कार्रवाई की जाएगी।
हॉस्पिटल में अव्यवस्थाओं पर PMO से पूछे सवाल
विधायकों सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने जिले के सबसे बड़े चिकित्सालय में हो रही व्यवस्थाओं को लेकर पीएमओ दिनेश माहेश्वरी से कड़े सवाल पूछे। बैठक में विभिन्न मुद्दों पर भी चर्चा की गई।
इस दौरान जिला प्रमुख रेशम मालवीय, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, विधायक जय कृष्ण पटेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।
