आसींद थाना क्षेत्र की तिलौली पंचायत मुख्यालय स्थित देवनगर गांव में श्मशान भूमि के रास्ते को लेकर बुधवार देर शाम मेघवंशी समाज के दो पक्षों में विवाद इतना बढ़ गया कि खूनी संघर्ष हो गया। मारपीट में 12 से अधिक महिला, पुरुष और युवक घायल हो गए।
घटना के बाद सभी घायलों को तुरंत आसींद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। गंभीर रूप से घायल दो से तीन लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद भीलवाड़ा जिला अस्पताल रेफर किया गया।सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन स्वास्थ्य केंद्र पहुंचा और घायलों से जानकारी लेकर मामले की जांच शुरू की।

ये लोग हुए घायल
प्यारी देवी पत्नी गिरधारी लाल मेघवंशी, सीमा देवी पत्नी खेमराज मेघवंशी, भगवती देवी पत्नी उदय राम मेघवंशी, उदय राम, रामदेव, मगनीराम, देवी लाल, कैलाश चंद्र, गोविंद, जय राम, दिव्यांग ईश्वर लाल, देवाराम
रास्ते के पुराने विवाद ने बढ़ाया तनाव
श्मशान भूमि के रास्ते को लेकर यह विवाद नया नहीं है। कुछ दिन पहले भी इसी रास्ते को लेकर विवाद इतना बढ़ा कि एक शव को श्मशान ले जाने से रोक दिया गया था। बुधवार को इस मामले में ग्रामीणों ने आसींद तहसीलदार जय सिंह को ज्ञापन भी सौंपा था।

इसके बावजूद गुरुवार को फिर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और विवाद मारपीट में बदल गया। बीच-बचाव करने आए कुछ अन्य लोग भी घायल हुए।
पुलिस के अनुसार मामला श्मशान मार्ग के विवाद से जुड़ा है। दोनों पक्षों के बयान लिए जा रहे हैं और स्थिति पर नियंत्रण रखा गया है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि विवाद का स्थायी समाधान निकालने के लिए प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई की जाएगी।
