भीलवाड़ा। जिले में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली दो गंभीर घटनाओं में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक ओर शाहपुरा क्षेत्र में अवैध पेड़ कटाई की सूचना पर पहुंचे सहायक वनपाल पर हमला किया गया, वहीं जहाजपुर इलाके में खेत विवाद के दौरान नाबालिग बेटियों से अभद्रता और मारपीट का मामला सामने आया।
अवैध कटाई रोकने पहुंचे वनपाल पर हमला, एक आरोपी गिरफ्तार
शाहपुरा थाना पुलिस के अनुसार 5 नवंबर को बोरड़ा बावरियान क्षेत्र में अवैध रूप से पेड़ काटे जाने की जानकारी मिलने पर सहायक वनपाल आबिद खां मौके पर पहुंचे थे। जांच के दौरान ही कुछ लोगों ने उनसे धक्का-मुक्की और मारपीट कर दी तथा सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई। मामले की जांच के बाद पुलिस ने निम्बाहेड़ा कलां निवासी बाबू मोहम्मद (41) पुत्र अहमदखां पठान को गिरफ्तार किया है।

खेत विवाद में मारपीट, नाबालिग बेटियों से अभद्रता तीन गिरफ्तार
उधर जहाजपुर थाना क्षेत्र में खेत में बुवाई को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पुलिस के अनुसार किशन खाती, उसके बेटे रमेश और भैरूलाल ने एक व्यक्ति पर हमला किया। झगड़े के दौरान पीड़ित की नाबालिग बेटियां बीच-बचाव के लिए आईं तो उनके साथ भी मारपीट व अभद्र व्यवहार किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मारपीट और पोक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
दोनों मामलों में पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है ताकि ऐसी घटनाओं पर सख्त रोक लग सके।
