संविधान दिवस पर विद्यार्थियों में जागरूकता: विधिक सेवा समिति का विशेष कार्यक्रम आयोजित

BHILWARA
Spread the love



बिजोलिया।
संविधान दिवस के अवसर पर तालुका विधिक सेवा समिति के तत्वावधान में आचार्य विद्यासागर पब्लिक स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन सिविल एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट सबा परवीन कागजी के नेतृत्व में हुआ, जिसमें विद्यार्थियों को संविधान का महत्व, उसकी मूल संरचना और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की प्राचार्या मीनाक्षी जैन द्वारा अतिथियों के स्वागत से हुई। इसके बाद अधिवक्ता नरेश तंवर ने संविधान निर्माण की ऐतिहासिक यात्रा और निर्माण प्रक्रिया पर विस्तार से जानकारी दी। बार एसोसिएशन अध्यक्ष सुमित जोशी ने संविधान की प्रस्तावना के अर्थ और उसमें निहित शब्दों के महत्व को सरल रूप में समझाया। अधिवक्ता हर्षवर्धन शर्मा ने अंग्रेजी भाषा में संविधान के मूल ढांचे का परिचय प्रस्तुत किया, जबकि अधिवक्ता दिनेश सेठिया एवं सुनील सोनी ने संविधान के अनुरूप आचरण करने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के दौरान मजिस्ट्रेट सबा परवीन कागजी ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने और अपने नागरिक कर्तव्यों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया। साथ ही राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा गरीब एवं जरूरतमंदों को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराने की जानकारी भी साझा की।अंत में संविधान विषयक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।