*सरदार नगर मंडल में हुआ भव्य विशाल हिन्दू सम्मेलन*

BHILWARA
Spread the love



“ *डाल-डाल पर सोने की चिड़िया करती है बसेरा, वो भारत देश है मेरा”
संत श्री प्रकाश दास जी महाराज

राष्ट्रीय कवि कैलाश मंडेला ने राष्ट्रभक्ति व हिन्दू एकता पर ओजस्वी काव्य पाठ किया

*फोकस भीलवाड़ा न्यूज़, बनेड़ा – परमेश्वर दमामी*


सरदार नगर मंडल में सकल हिंदू समाज के तत्वावधान में रविवार, 1 फरवरी 2026 को देवनारायण मंदिर परिसर, शोभागपुरा चौराहा (ओम नगर) में एक भव्य एवं दिव्य विशाल हिन्दू सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन को लेकर क्षेत्र में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
इस विशाल आयोजन में सरदार नगर मंडल के सभी गांव — सरदार नगर, कंकोलिया, कुंवार, शोभागपुरा, लसाड़िया, जोरावरपुरा, भीमपुरा एवं कोडलाई — से सकल हिंदू समाज के लगभग 10,000 महिला-पुरुषों ने सहभागिता की।


सम्मेलन से पूर्व सभी गांवों से भव्य झांकियां सम्मेलन स्थल पर लाई गईं। मातृशक्ति के नेतृत्व में कलश यात्रा एवं जुलूस का आयोजन हुआ, जिसमें डीजे, मशक बाजा, कच्छी घोड़ी सहित अनेक सांस्कृतिक आकर्षण शामिल रहे। कलश यात्रा चारभुजा मंदिर से प्रारंभ होकर सरदार नगर के मुख्य मार्गों से होती हुई शोभागपुरा चौराहे स्थित देवनारायण मंदिर पहुंची, जहां इसका समापन हुआ।


इसके पश्चात ओम नगर में वरिष्ठ समाजसेवी ख्याली लाल कुमावत की अध्यक्षता में कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत शस्त्र-शास्त्र पूजन एवं चारभुजा भगवान के बैवाण की आरती के साथ की गई।
इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय भजन सम्राट एवं गौ ऋषि संत श्री प्रकाश दास जी महाराज ने अपने दिव्य प्रवचनों से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। वहीं शाहपुरा की धरती से पधारे राष्ट्रीय कवि कैलाश मंडेला ने अपनी ओजस्वी वाणी और राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत काव्य रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने महाराणा प्रताप पर ओजस्वी काव्य पाठ किया।


प्राप्त जानकारी के अनुसार सम्मेलन में हनुमान सिंह, राजस्थान क्षेत्र कार्यकारिणी सदस्य, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। अपने उद्बोधन में उन्होंने हिंदू धर्म-कर्म, सामाजिक समरसता, संस्कारयुक्त परिवार व्यवस्था तथा गौ आधारित जैविक खेती पर विशेष जोर दिया। उन्होंने एकल परिवार प्रणाली का विरोध करते हुए कहा कि भारत माता के लिए प्राण न्यौछावर करने से भी पीछे नहीं हटना चाहिए।
गौऋषि संत श्री प्रकाश दास जी महाराज ने गौ संरक्षण, राष्ट्रभक्ति एवं सनातन धर्म से जुड़े भजनों की प्रस्तुति देकर वातावरण को पूर्णतः राष्ट्रमय और धर्ममय बना दिया। देशभक्ति गीतों पर उपस्थित धर्मप्रेमी झूम उठे।


कार्यक्रम में एक युवा समूह द्वारा नशामुक्ति, हेलमेट उपयोग, सामाजिक एकता जैसे विषयों पर प्रभावशाली नाट्य रूपांतरण प्रस्तुत किए गए। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, भीलवाड़ा की ओर से राष्ट्र घोष के साथ बैण्ड वादन किया गया। वहीं बाल संस्कार विद्यालय की बालिकाओं ने जैविक खेती को अपनाने तथा रासायनिक खाद के प्रयोग से बचने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का संचालन कवि मुकेश चेचाणी एवं शिक्षाविद् तरुण सिंह सिसोदिया ने किया। बच्चों के मनोरंजन हेतु डोलर झूले, मणिहारी, चाट-पकौड़े एवं आइसक्रीम की दुकानों की भी विशेष व्यवस्था रही।
कार्यक्रम के समापन पर सकल हिंदू समाज द्वारा सामूहिक भोजन का आयोजन किया गया।