बिजौलिया ( नरेश धाकड़ )
रविवार देर रात हुई बारिश के बाद क्षेत्र के मौसम ने अचानक करवट ली। तापमान में गिरावट के साथ सोमवार सुबह से बिजौलिया और आसपास के ग्रामीण अंचलों में घना कोहरा छा गया, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई और दिन की शुरुआत सुस्ती के साथ हुई।

सुबह के समय खेत-खलिहानों, पेड़ों और हरियाली वाले इलाकों में कोहरे की मोटी चादर नजर आई। ओस की बूंदों से वातावरण में नमी बढ़ी हुई रही। कोहरे के कारण आम जनजीवन प्रभावित हुआ और लोग आवश्यक कामों के अलावा घरों में ही दुबके रहे।
कोहरे का सबसे अधिक असर सड़कों और हाईवे पर देखने को मिला। कम दृश्यता के चलते वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर बेहद सावधानी से वाहन चलाने पड़े।
कई स्थानों पर यातायात की रफ्तार धीमी रही, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।


मौसम में आए इस अचानक बदलाव ने किसानों की चिंता भी बढ़ा दी है। बारिश और लगातार कोहरे से फसलों पर संभावित असर की आशंका जताई जा रही है। किसान मौसम पर नजर बनाए हुए हैं और आगे की स्थिति को लेकर सतर्कता बरत रहे हैं।














