ग्राम गैणोली में “एक पेड़ माँ के नाम” महाअभियान का हुआ शुभारंभ

BHILWARA
Spread the love



विधायक गोपाल खंडेलवाल ने पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश, ग्रामवासियों को सरकारी योजनाओं की दी जानकारी

मांडलगढ़। मांडलगढ़ विधायक श्री गोपाल खंडेलवाल ने शुक्रवार को ग्राम गैणोली स्थित वन विभाग नर्सरी में “एक पेड़ माँ के नाम” महाअभियान के अंतर्गत पौधारोपण कर अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रत्येक नागरिक से अपनी माँ के सम्मान में कम से कम एक पौधा लगाने एवं उसके संरक्षण का संकल्प लेने का आग्रह किया।



कार्यक्रम के दौरान आयोजित सभा को संबोधित करते हुए विधायक खंडेलवाल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। अधिक से अधिक पौधारोपण कर आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं हरित वातावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।



उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों को हाल ही में माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रारंभ किए गए जीबी जी राम जी अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि रोजगार की अवधि 100 दिनों से बढ़ाकर 125 दिन किए जाने का निर्णय ग्रामीण परिवारों के लिए आर्थिक रूप से लाभकारी सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि इससे जरूरतमंद परिवारों को अतिरिक्त रोजगार उपलब्ध होगा तथा उनकी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी। विधायक ने केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की भी विस्तार से जानकारी दी तथा उनका अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान विधायक श्री गोपाल खंडेलवाल ने ग्रामीणों को पौधों का वितरण भी किया तथा प्रत्येक परिवार से अपनी माँ के नाम एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पौधारोपण केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए सामूहिक जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर मांडलगढ़ विधानसभा संयोजक अनिल पारीक, नगर मंडल अध्यक्ष अशोक जीनगर, पूर्व नगरपालिका चेयरमैन संजय डांगी, भाजपा नेता मनोज सनाढ्य, रामस्वरूप तेली, कैलाश तेली, वन विभाग से प्रकाश शर्मा, नाकादार मुराद खान, शम्भु मेघवंशी, लादू माली, कालु माली, नंदलाल मीणा, गोविंद मीणा, हरीश शर्मा, घीसू दरोगा, नाथु दरोगा, सुरेश वैष्णव, सुरेश सिंह सहित वन विभाग के कर्मचारी, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।