BHILWARA

समग्र शिक्षा भीलवाड़ा में एईएन-जेईएन रिश्वत लेते गिरफ्तार

भीलवाड़ा। पेसवानी
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए समग्र शिक्षा भीलवाड़ा कार्यालय के सहायक अभियंता (एईएन) राजकुमार मुंदड़ा और कनिष्ठ अभियंता (संविदाकर्मी) भारत भूषण गोयल को 50,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। दोनों अधिकारियों पर स्कूल भवन निर्माण कार्यों के बिल पास करने की एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है।


एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर भीलवाड़ा-प्रथम इकाई ने यह कार्रवाई की। शिकायतकर्ता ने बताया था कि विभिन्न विद्यालयों में कराए गए करीब 19 लाख रुपये के निर्माण कार्यों के बिल पास करने के लिए अभियंताओं ने तीन प्रतिशत कमीशन की मांग की थी। सत्यापन के दौरान आरोपियों ने 50,000 रुपये रिश्वत तय की।



बुधवार को कार्यालय के बाहर भारत भूषण गोयल ने शिकायतकर्ता से राशि ली और मोबाइल पर राजकुमार मुंदड़ा को इसकी सूचना दी। इसके तुरंत बाद एसीबी टीम ने दोनों को डिटेन कर लिया। तलाशी में गोयल की पैंट की जेब से 50,000 रुपये (30,000 वास्तविक और 20,000 डमी नोट) बरामद किए गए।

कार्रवाई एसीबी अजमेर रेंज के डीआईजी अनिल कयाल के सुपरविजन में और उप अधीक्षक पारसमल के नेतृत्व में की गई। एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जाएगी।

KAPIL SHYAM VIJAY

जहां सोच जवान हो , खबरे बेजुबान नहीं होतीं

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!