भरतपुर । भरतपुर में बीजेपी युवा मोर्चा के नेता की पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला के पिता ने दामाद और ससुराल वालों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करवाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पीहर पक्ष को बताए बिना अंतिम संस्कार किया जा रहा था।
दामाद आकाश शादी के बाद से ही बेटी से दहेज में थार SUV लाकर देने की मांग करता था। आकाश और उसके परिजनों ने बेटी की हत्या कर दी। उसके शरीर पर चोट और गले पर नीले निशान थे। सबूत मिटाने के लिए ये लोग हमें बताए बिना अंतिम संस्कार करना चाहते थे।
जैसे ही मुझे इसके बारे में पता चला तो पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने अंतिम संस्कार रुकवाया और शव को कब्जे में ले लिया। रविवार को पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर पीहर पक्ष को सौंप दिया। मामला बयाना थाना इलाके के पिदावली गांव का है।
पुलिस ने रुकवाया अंतिम संस्कार, शव कब्जे में लिया
सेवर थाना के SHO सतीश चंद ने बताया- शनिवार शाम 5 बजे कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी कि बीजेपी युवा मोर्चा के नेता आकाश फौजदार (35) निवासी पिदावली गांव की पत्नी प्रियंका (33) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। पीहर पक्ष को सूचना दिए बिना अंतिम संस्कार किया जा रहा है। इस पर बयाना थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची और अंतिम संस्कार रुकवाया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आरबीएम अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। FSL की टीम ने मौके पर सबूत जुटाए। सभी एंगल से जांच की जा रही है। प्रियंका के पिता ने उसके दामाद आकाश और ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दी है।
दहेज में थार की डिमांड करता था दामाद
महिला के पिता ओमप्रकाश निवासी लुहासा गांव थाना नदबई (भरतपुर) ने रिपोर्ट में बताया- बेटी प्रियंका की शादी आकाश के साथ 24 नवंबर 2018 को हुई थी। शादी में मैंने करीब 20 लाख रुपए खर्च किए थे। अपनी क्षमता के अनुसार घर का सामान और करीब 4 लाख भी कैश दिए थे।
शादी के बाद से ही आकाश के परिजन प्रियंका को परेशान करते थे। पति आकाश बार-बार दहेज में थार लाकर देने की मांग करता था। प्रियंका ने इस बारे में कई बार हमें बताया था। हम कई बार उसके ससुराल वालों को समझाने गए थे।
उन्होंने बताया- इन दिनों आकाश और प्रियंका भरतपुर शहर में सेवर थाना स्थित गणेश कॉलोनी में रह रहे थे। गणेश कॉलोनी के मकान पर आकाश ने प्रियंका की हत्या की और शव को पिदावली ले गया। वहां उसके परिवार के लोग प्रियंका के शव का अंतिम संस्कार करना चाहते थे।
रिश्तेदारों ने फोन कर दी बेटी की मौत की सूचना
ओमप्रकाश ने बताया- पिदावली गांव में हमारे रिश्तेदार भी रहते हैं। उन्होंने शनिवार को सूचना दी कि प्रियंका की मौत हो गई है। उसके ससुराल वाले अंतिम संस्कार करने की तैयारी कर रहे हैं। इसके बाद मैंने आकाश और उसके परिजनों को फोन किया, लेकिन वह गुमराह करते रहे।
इसके बाद हमने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। बयाना थाना पुलिस आकाश के घर पहुंची और प्रियंका के शव को कब्जे में ले लिया। इस दौरान हम भी वहां पहुंच गए थे। पुलिस ने शव को चेक किया तो उसके शरीर पर कई जगह चोट के निशान और गले पर नीले रंग के निशान थे।
जानकारी के अनुसार, प्रियंका और आकाश के एक बेटा युवराज (7) और बेटी काव्या (5) है। आकाश फाइनेंस का काम करता है। आकाश बीजेपी युवा मोर्चा में जिला उपाध्यक्ष (2021-22) के पद पर भी रह चुका है।
