BHILWARA

शाहपुरा में 21 अक्टूबर को मनाई जाएगी दीपावली, सभी व्यापारिक संगठनों ने सर्वसम्मति से लिया निर्णय


शाहपुरा- मूलचंद पेसवानी
शाहपुरा नगर में इस वर्ष दीपावली पर्व हर्षोल्लास और एकता के साथ 21 अक्टूबर 2025, मंगलवार को मनाई जाएगी। यह निर्णय सोमवार को आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में लिया गया, जिसमें नगर के सभी प्रमुख व्यापारिक संगठनों के अध्यक्ष एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक का आयोजन व्यापार मंडल अध्यक्ष बालमुकुंद तोषनीवाल की अध्यक्षता में एवं नगर पालिका अध्यक्ष रघुनंदन सोनी के सानिध्य में किया गया।
बैठक में विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने एक स्वर में कहा कि दीपावली का पर्व सामूहिक रूप से एक ही दिन मनाया जाना चाहिए ताकि नगर के व्यापारियों और नागरिकों में एकता और सौहार्द का वातावरण बने। इस अवसर पर सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस वर्ष शाहपुरा में दीपावली का मुख्य पर्व 21 अक्टूबर, मंगलवार को मनाया जाएगा।
बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष रघुनंदन सोनी, व्यापार मंडल अध्यक्ष बालमुकुंद तोषनीवाल, मंत्री देवेंद्र झंवर, उपाध्यक्ष आनंद सेठी, सर्राफा संघ अध्यक्ष सत्यप्रकाश बेली, कपड़ा एसोसिएशन अध्यक्ष ओमप्रकाश सिंधी, खाद बीज व्यापार संघ अध्यक्ष रामप्रसाद हेडा, जनरल स्टोर संगठन अध्यक्ष अनिल चैधरी, तथा व्यापार मंडल के वरिष्ठ पदाधिकारी महावीर तोषनीवाल उपस्थित रहे।
इसी प्रकार मोबाइल एसोसिएशन के शांतिलाल मामोडिया एवं सेनेटरी संगठन के सुधीर जेथलिया ने भी निर्णय पर अपनी सहमति व्यक्त की। सभी व्यापारिक संगठनों ने एक स्वर में कहा कि नगर की समरसता बनाए रखने के लिए दीपावली का पर्व एक ही तिथि पर मनाया जाना अति आवश्यक है।
बैठक में यह भी उल्लेख किया गया कि भीलवाड़ा जिला मुख्यालय पर भी नगर व्यास सहित जिले के प्रमुख ज्योतिषाचार्यों एवं पंडितों की सामूहिक बैठक में दीपावली की तिथि को लेकर विचार-विमर्श किया गया था। उस बैठक में भी यह सर्वसम्मति से तय हुआ कि जिलेभर में दीपावली 21 अक्टूबर को ही मनाई जाएगी। ज्योतिषीय गणनाओं के अनुसार भी उदय तिथि 21 अक्टूबर, मंगलवार को ही है, इसलिए धार्मिक दृष्टि से भी इसी दिन दीपावली मनाना श्रेयस्कर एवं शुभ माना गया है।


नगर पालिका अध्यक्ष रघुनंदन सोनी ने कहा कि दीपावली न केवल धार्मिक पर्व है, बल्कि यह नगर के व्यापार और सामाजिक एकता का प्रतीक भी है। उन्होंने कहा कि सभी व्यापारिक संगठनों का एक साथ निर्णय लेना यह दर्शाता है कि शाहपुरा नगर में परस्पर सहयोग और आपसी सौहार्द का वातावरण कितना मजबूत है।
व्यापार मंडल अध्यक्ष बालमुकुंद तोषनीवाल ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में दीपावली की तिथि को लेकर नगर में भ्रम की स्थिति बन जाती थी, जिससे नागरिकों को असुविधा होती थी। इस बार सर्वसम्मति से निर्णय लेकर नगर के सभी व्यापारियों को एक ही तिथि पर तैयारी का अवसर मिलेगा। उन्होंने नगर के समस्त व्यापारियों से अपील की कि वे दीपावली की तैयारियां उसी अनुरूप करें और 21 अक्टूबर को दीपोत्सव को उत्साहपूर्वक मनाएं।

बैठक के दौरान नगर में स्वच्छता अभियान, बिजली सजावट, सुरक्षा व्यवस्था तथा यातायात प्रबंधन जैसे विषयों पर भी चर्चा की गई। व्यापार मंडल ने नगर पालिका से अपील की कि दीपावली के अवसर पर मुख्य बाजारों की सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सड़कों की मरम्मत समय पर सुनिश्चित की जाए ताकि त्योहार के दौरान नागरिकों को कोई असुविधा न हो।
इस मौके पर यह भी निर्णय लिया गया कि दीपावली के अगले दिन गोवर्धन पूजा और भाईदूज पर्व भी पारंपरिक रीति से मनाए जाएंगे। सभी व्यापारिक प्रतिष्ठान दीपावली के दिन बंद रहेंगे, जबकि अगले दिन से सामान्य व्यापारिक गतिविधियाँ शुरू होंगी। अंत में बैठक का समापन नगर के सौहार्दपूर्ण वातावरण की सराहना के साथ किया गया। उपस्थित सभी सदस्यों ने दीपावली पर्व पर नगर को स्वच्छ, सुंदर और प्रकाशमय बनाने का संकल्प लिया।
इस निर्णय के साथ अब शाहपुरा नगर में दीपावली की तैयारियां जोरों पर शुरू हो गई हैं। बाजारों में सजावट, मिठाइयों की दुकानों पर भीड़ और दीयों की रौनक नजर आने लगी है। व्यापारियों का कहना है कि इस बार दीपावली एकता और उत्साह का प्रतीक बनेगी “एक नगर, एक दीपावली” के सूत्र वाक्य के साथ।

KAPIL SHYAM VIJAY

जहां सोच जवान हो , खबरे बेजुबान नहीं होतीं

Related Articles

Back to top button