बिजौलिया (भीलवाड़ा)। पंचायती राज चुनाव 2026 को लेकर गुरुवार को बिजौलिया पंचायत समिति क्षेत्र की 26 ग्राम पंचायतों में सरपंच पदों के आरक्षण की स्थिति साफ हो गई। उपखंड स्तर पर हुई आरक्षण लॉटरी में विभिन्न पंचायतों को महिला, सामान्य, एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग के लिए आरक्षित किया गया। प्रदेश में सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के आरक्षण की लॉटरी 24 सितंबर को उपखंड स्तर पर निर्धारित थी।
बिजौलिया में रिटर्निंग अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी सीएल शर्मा के नेतृत्व में लॉटरी प्रक्रिया संपन्न हुई। इस दौरान खास आकर्षण यह रहा कि पंचायतों के आरक्षण की पर्चियां छोटी बच्चियों के हाथों से निकलवाई गईं। तहसीलदार ललित डीडवानिया सहित निर्वाचन अधिकारी एवं कार्मिक मौजूद रहे।
लॉटरी में माल का खेड़ा, तिलस्वा, भोपतपुरा, कांस्या, थडोदा और सलावटिया को महिला अनारक्षित वर्ग मिला। वहीं सुखपुरा, सदा राम जी खेड़ा, श्यामपुरा, उमाजी का खेड़ा, जलिंद्री, गोपालपुरा और चांद जी खेड़ी सामान्य ओपन वर्ग में आईं।
नयानगर और राणा जी का गुड्डा एससी महिला, जबकि इंद्रपुरा और छोटी बिजोलिया एससी ओपन वर्ग के लिए आरक्षित हुईं। केरखेड़ा, रसदपुरा, मांगटला और विक्रमपुरा एसटी महिला तथा उन्दो का खेड़ा, लक्ष्मी खेड़ा और बाणिया का तालाब एसटी ओपन वर्ग में आए।
इसी तरह मकरेड़ी ओबीसी महिला और आरोली ओबीसी ओपन वर्ग के लिए आरक्षित हुई। आरक्षण की तस्वीर स्पष्ट होने के बाद अब संबंधित पंचायतों में संभावित सरपंच प्रत्याशियों की गतिविधियां भी तेज होने की संभावना है।







