BHILWARA

विधायक गोपाल खंडेलवाल का ‘एक्शन मोड’: बीगोद सरकारी अस्पताल का किया औचक निरीक्षण,

लापरवाही पर कार्मिकों को लगाई फटकार
अस्पताल में बिजली संकट, स्थाई डॉक्टर की कमी और कार्मिकों की लापरवाही जैसी समस्याओं का विधायक ने मौके पर ही किया समाधान
बीगोद: मांडलगढ़ विधानसभा क्षेत्र के सजग विधायक  गोपाल खंडेलवाल ने गुरुवार दोपहर को बीगोद कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सरकारी अस्पताल) का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अस्पताल में लंबे समय से बिजली संकट, स्थाई डॉक्टर की अनुपलब्धता और चिकित्सा कर्मियों द्वारा लापरवाही बरतने की शिकायतें सामने आ रही थीं। इन समस्याओं का संज्ञान लेते हुए विधायक खंडेलवाल अचानक अस्पताल पहुंचे, जिससे वहां हड़कंप मच गया।


निरीक्षण के दौरान विधायक ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों और ओपीडी ब्लॉक का दौरा किया। वहां मौजूद मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर अस्पताल की व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया। मौके पर चिकित्सा कर्मियों द्वारा काम में लापरवाही बरतने और मरीजों के प्रति उदासीनता देखने पर विधायक ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने लापरवाह कार्मिकों को कड़ी फटकार लगाते हुए सख्त निर्देश दिए कि मरीजों के साथ अच्छा और संवेदनशील व्यवहार किया जाए और उन्हें बेहतर से बेहतर इलाज मुहैया कराया जाए। स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
औचक निरीक्षण के दौरान विधायक को यह जानकारी मिली कि अस्पताल में स्थाई रूप से किसी डॉक्टर की नियुक्ति नहीं है, जिससे क्षेत्रवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस गंभीर समस्या पर विधायक ने तुरंत प्रभाव से एक्शन लेते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) से दूरभाष पर कड़े शब्दों में वार्ता की। विधायक की इस तत्परता के चलते सीएमएचओ से बातचीत के बाद अस्पताल में स्थाई डॉक्टर (प्रभारी) की नियुक्ति का रास्ता साफ हुआ और तुरंत आदेश सुनिश्चित करवाए गए।
अस्पताल परिसर में एक और बड़ी लापरवाही यह सामने आई कि भवन की छत पर लाखों रुपये की लागत से सोलर पैनल सिस्टम स्थापित किया गया था, लेकिन तकनीकी अनदेखी के कारण अस्पताल को इसका कोई लाभ नहीं मिल पा रहा था। रात के समय बिजली गुल होने पर मरीजों को अंधेरे में रहने को मजबूर होना पड़ रहा था। विधायक गोपाल खंडेलवाल ने इस समस्या को बेहद गंभीरता से लिया और मौके पर ही अधिकारियों को हाथों-हाथ इन्वर्टर की व्यवस्था सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए, ताकि बिजली जाने पर भी मरीजों को कोई परेशानी न हो।
विधायक गोपाल खंडेलवाल के अस्पताल पहुंचते ही एक के बाद एक कई पुरानी समस्याओं का मौके पर ही त्वरित समाधान हो गया। उनके इस कड़े और सुधारात्मक कदम से बीगोद कस्बे के ग्रामीणों और अस्पताल में उपचाराधीन मरीजों ने बड़ी राहत की सांस ली है और विधायक की इस जनहितैषी कार्यशैली का आभार जताया है।

Related Articles

Back to top button