बिजोलिया।
कस्बे के सिविल कोर्ट के नजदीक मंगलवार शाम विद्युत लाइन में आई खराबी से कई सरकारी कार्यालयों, अधिवक्ताओं के दफ्तरों और टाइपिंग दुकानों में भारी नुकसान हो गया। जानकारी के अनुसार घटना में सिविल न्यायालय, तहसील कार्यालय और उपखंड कार्यालय सहित कई जगह में लगे कंप्यूटर व अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जलकर खराब हो गए।
उपखंड कार्यालय के पास स्थित मुकेश धाकड़ की दुकान में आग लगने से करीब 3 से 4 लाख रुपये के नुकसान की जानकारी है। आग लगते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। घटना देख मौके पर मौजूद भाजपा जिला उपाध्यक्ष मुकेश धाकड़ ने दुकान के कांच तोड़कर पड़ोसियों के साथ आग बुझाने के प्रयास शुरू किए, जिससे आग को फैलने से रोका जा सका।
इसी क्षेत्र में अधिवक्ता अनिल धाकड़, विकास जैन और पिंकोश धाकड़ की दुकानों में भी कंप्यूटर व प्रिंटर जलकर खराब हो गए। सूचना पर विद्युत विभाग ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया।
विद्युत विभाग के कनिष्ठ अभियंता हेमेन्द्र नावर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में 11 हजार केवी लाइन पर न्यूट्रल लाइन गिरने से कई स्थानों पर डायरेक्ट सप्लाई हो गई, जिसके चलते उपकरण जले। संबंधित ठेकेदार को मौका रिपोर्ट तैयार कर त्वरित मरम्मत के निर्देश दिए गए हैं।
