कोटा के नयापुरा इलाके में शु़क्रवार सुबह एक बोलेरो में आग लग गई। आग लगने का कारण फिलहाल कार में शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि जांच के बाद कारण पुख्ता सामने आ सकेंगे।
घटना की सूचना मिलने पर दमकल की एक गाडी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। कार मालिक रिद्धि-सिद्धि कुन्हाडी निवासी अशोक कुमार ने बताया कि उसकी बोलेरो गाड़ी टैक्सी नंबर है। जिसे वह खुद ही चलाते हैं। शुक्रवार सुबह बाहर से कोई गेस्ट कोटा आए थे। उन्हें लेने के लिए वह रिद्धि-सिद्धि से स्टेशन की तरफ जा रहा था। कुन्हाडी से वह नयापुरा पुलिया पर चढ़ा और कुछ दूर चलते ही कार के बोनट से धुआं उठने लगा।

अशोक ने बताया कि जैसे ही उसने कार को रोका और बाहर निकलकर देखा तो कार से आग की लपटें उठने लगी। राहगीरों ने घटना की पुलिस को जानकारी दी। जिसके बाद दमकल को बुलाया गया।
आधे घंटे में पाया काबू
मुख्य अग्निशमन अधिकारी राकेश व्यास ने बताया कि सूचना पर सब्जीमंडी फायर स्टेशन से एक गाड़ी को मौके पर भेजा गया था। गाड़ी से आग की लपटें उठ रही थी। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
