भीलवाड़ा । जिले के अलोली गांव में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। शादी की खुशियां मातम में तब बदल गईं, जब पांच लोगों ने शराब समझकर जहरीला केमिकल पी लिया। इस घटना में तीन महिलाओं समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही है।


शादी के घर से उठाकर ले गए बोतलें
जानकारी के अनुसार 10 फरवरी को अलोली निवासी हरदयाल सिंह के परिवार में शादी समारोह था। घर के बाहर खेत में पांडाल लगाया गया था। शादी के बाद सफाई के दौरान बर्तन साफ करने के लिए केमिकल मंगवाया गया था।
बताया जा रहा है कि अगले दिन कुछ मजदूर खाना लेने घर आए और वहीं से कई बोतलें अपने साथ ले गए। आशंका है कि 12 फरवरी की शाम को उन्होंने इन्हें शराब की बोतल समझकर अपने घर पर ही पी लिया।


कुछ ही मिनटों में बिगड़ी हालत
केमिकल पीते ही कुछ ही मिनटों में सभी की तबीयत बिगड़ने लगी। उल्टी और घबराहट के बाद हालत गंभीर हो गई। पड़ोसियों ने तुरंत उन्हें गंगापुर हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां गुरुवार रात तीन लोगों ने दम तोड़ दिया। दो अन्य को भीलवाड़ा रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में एक और व्यक्ति की मौत हो गई।
मृतकों की पहचान
पुलिस के अनुसार इस हादसे में
• बादामी (60) पत्नी जानकी लाल
• जमनी (60) पत्नी शंकर कंजर
• रतन (42) पुत्र मिश्री लाल कंजर
• सुशीला (40) पत्नी रतन कंजर
की मौत हो गई।
वहीं सनू (22) पत्नी पप्पू लाल कंजर की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।

पोस्टमॉर्टम में मिला जहरीला लिक्विड
महात्मा गांधी हॉस्पिटल के चिकित्सको
का कहना है कि गंगापुर से बादामी और सनू को रेफर किया गया था। बादामी की रास्ते में ही मौत हो गई। शुक्रवार सुबह पोस्टमॉर्टम के दौरान पेट में जहरीला लिक्विड मिला है, जो शराब या कोई केमिकल हो सकता है। इसकी पुष्टि के लिए सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं।
पुलिस कर रही जांच
पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। प्रारंभिक जांच में यह लापरवाही और भ्रम का मामला माना जा रहा है। गांव में इस हादसे के बाद मातम पसरा हुआ है और शादी का घर शोक में डूब गया है।
