बिजौलिया (नरेश धाकड़)
ऊपरमाल आदर्श धाकड़ समाज के 27वें सामूहिक विवाह सम्मेलन को लेकर आज समाज कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से ओंकार लाल धाकड़ (गिरधरपुरा) को सम्मेलन अध्यक्ष नियुक्त किया गया। सम्मेलन आगामी 26 अप्रैल को आयोजित होगा। इसी क्रम में आज दो जोड़ों का पंजीयन भी किया गया।

आदर्श धाकड़ विद्यापीठ सीनियर सेकेंडरी स्कूल प्रांगण में समाज अध्यक्ष मांगीलाल धाकड़ की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में भीलवाड़ा के पूर्व जिला प्रमुख इंजी. कन्हैयालाल धाकड़ को आजीवन संरक्षक बनाया गया। वहीं श्री धाकड़ महासभा की प्रदेश अध्यक्ष एवं विवेक सुषमा धाकड़ चैरिटेबल ट्रस्ट की चेयरमैन दीपशिखा धाकड़ को सम्मेलन संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई।
सम्मेलन के लिए राधेश्याम धाकड़ (थड़ौदा) को सचिव तथा एडवोकेट रामफूल (लक्ष्मीखेड़ा) एवं एडवोकेट लोकेश धाकड़ (थड़ौदा) को सह सचिव नियुक्त किया गया। नव निर्वाचित पदाधिकारियों का समाज के गणमान्य नागरिकों ने माल्यार्पण कर स्वागत किया।


उल्लेखनीय है कि विवाह समारोहों में होने वाले फिजूल खर्च को रोकने और समाज में सादगीपूर्ण विवाह को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वर्ष 1998 में पूर्व जिला प्रमुख इंजीनियर कन्हैयालाल धाकड़ के प्रयासों से इस सामूहिक विवाह सम्मेलन की शुरुआत की गई थी। तब से यह आयोजन निरंतर जारी है और अन्य समाजों के लिए प्रेरणास्रोत बना हुआ है।


26 अप्रैल को होने वाले 27वें सामूहिक विवाह सम्मेलन की तैयारियों को लेकर प्रत्येक रविवार को आदर्श धाकड़ विद्यापीठ सीनियर सेकेंडरी स्कूल प्रांगण में बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें आवश्यक निर्णय लेकर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।




