चांदी के विमान में विराजित भगवान की निकली भव्य शोभायात्रा , फाल्गुन उत्सव में दो हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने खेली भक्तिभाव की होली
बिजौलिया।
होली की संध्या पर बुधवार को कस्बा भक्ति, आस्था और उत्साह के रंगों में सराबोर नजर आया। अवसर था हर वर्ष आयोजित होने वाले भगवान चारभुजा नाथ के नगर भ्रमण के साथ मनाए जाने वाले पारंपरिक फूलडोल महोत्सव का। इस दौरान कस्बे में भक्त और भगवान एक साथ फागोत्सव के रंग में डूबे दिखाई दिए।
देर शाम चारभुजा नाथ मंदिर से भगवान चारभुजा नाथ और लड्डू गोपाल को चांदी के विमान में विराजित कर भव्य शोभायात्रा निकाली गई। जैसे ही शोभायात्रा मंदिर से रवाना हुई, वैसे ही भक्तों में उत्साह का माहौल बन गया और श्रद्धालु नाचते-गाते, गुलाल उड़ाते हुए भगवान के साथ होली खेलते नजर आए।



शोभायात्रा चारभुजा नाथ मंदिर से शुरू होकर लाल बड़ली, सदर बाजार और बड़ा दरवाजा होते हुए पंचायत चौक स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर पहुंची। यहां भगवान चारभुजा नाथ के सान्निध्य में रंग-रंगीला फाल्गुन उत्सव मनाया गया। भगवान का अलौकिक श्रृंगार किया गया और श्रद्धालुओं ने फूलों व गुलाल से जमकर होली खेली।

मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। सदर बाजार स्थित गणेश मंदिर पर शोभायात्रा का फूलों से स्वागत किया गया। महोत्सव के दौरान पारंपरिक घोड़ी नृत्य आकर्षण का केंद्र रहा, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग उमड़े।
शोभायात्रा और फूलडोल महोत्सव में कस्बे सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। अनुमानित दो हजार से अधिक लोगों ने इस धार्मिक आयोजन में भाग लेकर भगवान चारभुजा नाथ के साथ भक्तिभाव की होली खेली।


इस अवसर पर भगवान की विधिवत पूजा-अर्चना की गई, प्रसाद वितरण हुआ तथा डीजे की धुनों पर भक्तों ने जमकर फागोत्सव का आनंद लिया। शोभायात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा। थानाधिकारी स्वागत पांड्या के नेतृत्व में पुलिस बल पूरे मार्ग पर तैनात रहा।

