पिकअप समेत तीन तस्कर दबोचे, हाईवे पर नाकाबंदी से खुला तस्करी का राज
भीलवाड़ा मूलचन्द पेसवानी
भीलवाड़ा जिले के रायला कस्बे में अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ गुरूवार रात को अलसुबह को बड़ा पुलिस ऑपरेशन सामने आया। एएनटीएफ ने अपनी सटीक सूचना और सुनियोजित रणनीति के दम पर हाईवे पर जाल बिछाकर करीब 21 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद कर ली। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पिकअप वाहन सहित तीन तस्करों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। इस बड़ी कार्रवाई के बाद इलाके में तस्करों के बीच हड़कंप मच गया है।
एएनटीएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन में सवार तीन व्यक्ति भारी मात्रा में अफीम लेकर श्रीगंगानगर की ओर जाने वाले हैं। सूचना मिलते ही भीलवाड़ा एएनटीएफ टीम ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए रायला थाना पुलिस को साथ लिया और भीलवाड़ा अजमेर नेशनल हाईवे पर रायला थाने के बाहर कड़ी नाकाबंदी कर दी।
नाकाबंदी के दौरान चित्तौड़गढ़ की तरफ से आती एक संदिग्ध पिकअप पुलिस को दिखाई दी। वाहन का हुलिया मुखबिर की सूचना से पूरी तरह मेल खा रहा था। जैसे ही पिकअप नाकाबंदी के पास पहुंची, एएनटीएफ टीम ने तेजी से घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया।


तलाशी लेने पर पिकअप में छिपाकर रखी गई करीब 21 किलो अवैध अफीम बरामद हुई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पिकअप बोलेरो (आरजे 31 जीबी 3173) को जब्त कर लिया और वाहन में सवार तीनों तस्करों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के हत्थे चढ़े आरोपियों में सुभाष भूरिया (35) पुत्र भजनलाल जाट निवासी सूरतगढ़ जिला श्रीगंगानगर, मनफूल (26) पुत्र जीतराम कुम्हार निवासी रामसरा थाना महाजन जिला बीकानेर तथा कैलाश (20) पुत्र गिरधारी लाल ब्राह्मण निवासी धान मंडी गेट के पास सूरतगढ़ जिला श्रीगंगानगर शामिल हैं।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी अफीम को एक स्थान से दूसरे स्थान तक सप्लाई करने की फिराक में थे। पुलिस को संदेह है कि इसके पीछे एक बड़ा तस्करी नेटवर्क सक्रिय हो सकता है। फिलहाल एएनटीएफ टीम गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी हुई है।

एएनटीएफ और रायला पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई को इलाके में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। हाईवे पर की गई इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से क्षेत्र के तस्करों में खलबली मच गई है और पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में भी जुट गई है।
