*ग्राम डाबला (बनेड़ा) में 13वाँ नेत्र परीक्षण शिविर आयोजित, 130 मरीजों की जांच*
*फोकस भीलवाड़ा न्यूज़ बनेड़ा परमेश्वर दमामी*
बनेड़ा क्षेत्र के ग्राम डाबला में रविवार 22 मार्च को गोमाबाई नेत्रालय भीलवाड़ा के सहयोग से निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। समाजसेवी हेमराज गढ़वाल एवं ग्राम पंचायत डाबला के सरपंच प्रद्युमन सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर अपनी आंखों की जांच करवाई।
शिविर के दौरान कुल 130 मरीजों की आंखों की जांच की गई। जांच के बाद 21 मरीजों को ऑपरेशन के लिए गोमाबाई अस्पताल भीलवाड़ा भेजा गया, जहां उनका निःशुल्क ऑपरेशन किया जाएगा। इसके अलावा 20 जरूरतमंद व्यक्तियों को निःशुल्क चश्मे भी वितरित किए गए, जिससे उन्हें आंखों की समस्या से राहत मिल सकेगी।

शिविर में चिकित्सकों की टीम ने मरीजों की आंखों की जांच कर उन्हें उचित परामर्श दिया। ग्रामीणों को आंखों की देखभाल और समय-समय पर जांच करवाने के लिए भी जागरूक किया गया।
इस सेवा कार्य में नवीन गुर्जर (हरियाणा), दीपक जोशी, अभिषेक जोशी, पवन बराला, भोमा गुर्जर, शब्बीर मोहम्मद, गणपत प्रजापत, शांतिलाल जोशी और भागचंद शर्मा सहित कई कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहयोग करते हुए मरीजों की सेवा की और व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित किया।
ग्राम डाबला की टीम पिछले कई वर्षों से निरंतर नेत्र परीक्षण शिविर आयोजित कर ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा रही है। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनसेवा का सराहनीय कार्य बताया। इस प्रकार के शिविरों से गरीब और जरूरतमंद लोगों को बड़ी राहत मिलती है।
