अवैध पिस्टल के साथ युवक गिरफ्तारगांधीनगर थाना पुलिस की कार्रवाई, 20 वर्षीय आरोपी पकड़ा गया

BHILWARA
Spread the love



भीलवाड़ा। जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गांधीनगर थाना पुलिस ने एक युवक को अवैध पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक देशी पिस्टल बरामद की है।

पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देश पर अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारस जैन व वृत्ताधिकारी सज्जन सिंह के निर्देशन में तथा थानाधिकारी डॉ. नेहा राव के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।

पुलिस के अनुसार गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि 200 फीट रोड स्थित ओसवाल एम्पायर के पास एक युवक संदिग्ध अवस्था में घूम रहा है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो युवक पुलिस को देखकर भागने लगा, जिसे पीछा कर पकड़ लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अर्जुन मीणा (20) निवासी भदाली खेड़ा, थाना गांधीनगर बताया। तलाशी लेने पर उसके पजामे की जेब से एक देशी पिस्टल बरामद हुई, जिसमें मैगजीन लगी हुई थी।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है तथा अवैध हथियार की खरीद-फरोख्त के संबंध में जांच जारी है।

कार्रवाई में थानाधिकारी डॉ. नेहा राव के नेतृत्व में एएसआई सुनील कुमार, हेड कांस्टेबल भगवान दास, कांस्टेबल सीताराम, शंकरलाल, तेजाराम एवं भूपेंद्र सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।