गंगापुर। सहाड़ा विधानसभा क्षेत्र के रायपुर तहसील स्थित देवरिया गांव में आयोजित डॉ. भीमराव अंबेडकर प्रतिमा अनावरण समारोह में भीलवाड़ा सांसद दामोदर अग्रवाल ने शिरकत कर प्रतिमा का अनावरण किया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
समारोह को संबोधित करते हुए सांसद दामोदर अग्रवाल ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचार आज भी समाज को दिशा देने वाले हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को अंबेडकर के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए। उन्होंने अंबेडकर को भारतीय संविधान का शिल्पकार बताते हुए कहा कि उनके योगदान से देश को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिली और सामाजिक समानता की मजबूत नींव रखी गई।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक डॉ. बालू राम चौधरी ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए अंबेडकर के योगदान को ऐतिहासिक बताया और युवाओं से उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी रही। वहीं, इस आयोजन में सहाड़ा विधायक लादू लाल पितलिया की अनुपस्थिति राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बनी रही, जिसको लेकर विभिन्न तरह की अटकलें भी लगाई जाती रही।
कार्यक्रम का समापन डॉ. अंबेडकर के जयघोष और सामाजिक समरसता के संदेश के साथ हुआ।
