शाहपुरा। मूलचंद पेसवानी
शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शाहपुरा-बनेड़ा विधानसभा क्षेत्र में प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम 13 अप्रैल सोमवार 2026 को प्रातः 10:15 बजे रामकोठी (रामद्वारा), शाहपुरा में आयोजित होगा।
इस समारोह में कक्षा 10वीं एवं 12वीं में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 127 मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावक, विद्यालयों के शिक्षक, संस्था प्रधान तथा शिक्षा से जुड़े गणमान्य लोग भी उपस्थित रहेंगे।
विधायक डा लालाराम बैरवा के अनुसार, इस सम्मान समारोह का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना और शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम के माध्यम से प्रतिभावान विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया जाएगा, जिससे अन्य छात्र भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित हों।
क्षेत्र में शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण को और मजबूत करने के लिए यह आयोजन अहम कदम माना जा रहा है। समारोह में शिक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर भी चर्चा की जाएगी, जिससे विद्यार्थियों को भविष्य में मार्गदर्शन मिल सके।
