BHILWARA

चेटीचंड महोत्सव पर भीलवाड़ा में उमड़ा आस्था का सैलाब, सिंधी समाज की ऐतिहासिक वाहन रैली ने बांधा समां

भीलवाड़ा। मूलचन्द पेसवानी
सिंधी समाज के आराध्य देव भगवान झूलेलालजी के 1077वें अवतरण दिवस ‘चेटीचंड महोत्सव-2026’ को लेकर शहर में उत्साह अपने चरम पर है। महोत्सव से एक दिन पूर्व गुरुवार को सिंधी समाज द्वारा निकाली गई विशाल ‘सिंधी एकता वाहन रैली’ ने पूरे शहर को भक्तिमय रंग में रंग दिया।

चित्रकूट धाम से प्रारंभ हुई यह भव्य रैली नाथद्वारा सराय स्थित पूज्य दादा साहब हेमराजमल भगत झूलेलाल सनातन मंदिर तक पहुंची। रैली को गोविंद धाम के महंत गणेशदास, सांसद दामोदर अग्रवाल, विधायक अशोक कोठारी, महंत टेऊं राम भगत तथा सिंधी समाज अध्यक्ष रमेश सभनानी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

रैली में दुपहिया और चौपहिया वाहनों पर सवार समाजजन “आयो लाल झूलेलाल” के जयकारों के साथ आगे बढ़ते रहे। लाल रंग-बिरंगी टोपियां पहने महिला, पुरुष और बच्चे भक्ति में सराबोर नजर आए। डीजे पर बजते झूलेलाल के भजन और पंजड़ों की धुन पर समाजजन झूमते-नाचते नजर आए, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय और उल्लासपूर्ण बन गया।

शहर के विभिन्न मार्गोंकृशास्त्रीनगर, पंचवटी, सिंधुनगर, गांधी बाजार, इंद्रा मार्केट, सूचना केंद्र, महाराणा टॉकीज सहित कई स्थानों पर रैली का भव्य स्वागत किया गया। जगह-जगह पुष्पवर्षा, आतिशबाजी और अल्पाहार की व्यवस्थाओं ने आयोजन को और भी खास बना दिया।

रैली के समापन पर झूलेलाल मंदिर में ध्वजवंदना और ध्वजारोहण का आयोजन संत-महात्माओं के सानिध्य में संपन्न हुआ। समाजजनों ने एक-दूसरे को गले मिलकर चेटीचंड की अग्रिम बधाइयां दीं और सिंधी एकता का संदेश दिया।

रात्रि में मंदिर परिसर में भव्य भजन संध्या का आयोजन हुआ, जिसमें खाटू श्याम और भगवान झूलेलाल के भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे। बापू नगर सिंधी समाज द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समां बांध दिया।

रैली संयोजक विनोद झुरानी ने बताया कि शुक्रवार को मुख्य चेटीचंड पर्व पर भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शहर के मंदिरों को आकर्षक रोशनी और फूलों से सजाया गया है।

सिंधी समाज के अध्यक्ष रमेश सभनानी और मीडिया प्रभारी मूलचंद बहरवानी ने आयोजन की सफलता के लिए सभी समाजजनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज की एकता और संस्कृति को मजबूत करते हैं।

KAPIL SHYAM VIJAY

जहां सोच जवान हो , खबरे बेजुबान नहीं होतीं

Related Articles

Back to top button