राजस्थान युवा गुर्जर महासभा भीलवाड़ा की जिला कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह भोजा पायरा में सम्पन्न
करेड़ा, 3 जुलाई 2026
तीर्थस्थल भोजा पायरा में राजस्थान युवा गुर्जर महासभा जिला भीलवाड़ा की नवनियुक्त जिला कार्यकारिणी का भव्य शपथ ग्रहण समारोह श्रद्धा, उत्साह एवं सामाजिक एकता के वातावरण में सम्पन्न हुआ। समारोह में समाज के संत महात्माओं, जनप्रतिनिधियों, विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों तथा बड़ी संख्या में समाजबंधुओं ने भाग लेकर नवगठित कार्यकारिणी का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्री देवनारायण के चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात नवनियुक्त जिलाध्यक्ष नारायण लाल गुर्जर काकड़ा एवं जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। उपस्थित अतिथियों ने संगठन को समाज सेवा, शिक्षा, युवा जागरण और सामाजिक समरसता के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया। सवाईभोज महंत श्री सुरेश दास जी महाराज ने अपने आशीर्वचन में कहा कि समाज की वास्तविक शक्ति उसकी एकता, संस्कार और शिक्षा में निहित है। उन्होंने युवाओं से धार्मिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों को अपनाते हुए समाजहित में कार्य करने तथा संगठित होकर समाज को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का आह्वान किया। रामस्नेही सम्प्रदाय के संत श्री निर्मल राम जी महाराज ने कहा कि समाज की उन्नति केवल आर्थिक विकास से नहीं, बल्कि नैतिक शिक्षा, चरित्र निर्माण और आपसी प्रेम से होती है। उन्होंने युवाओं को नशामुक्त जीवन अपनाने, सामाजिक कुरीतियों से दूर रहने तथा सेवा भावना के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। महंत श्री नारायण दास जी महाराज ने कहा कि युवा समाज की सबसे बड़ी शक्ति हैं। यदि युवा सकारात्मक सोच, अनुशासन और संगठन के साथ कार्य करेंगे तो समाज का भविष्य उज्ज्वल होगा। उन्होंने प्रत्येक परिवार से बच्चों की शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आग्रह किया। महंत श्री लक्ष्मण दास जी महाराज ने कहा कि शिक्षा और संस्कार का समन्वय ही समाज को नई दिशा देता है। उन्होंने युवाओं से सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करने तथा गरीब एवं जरूरतमंद वर्ग की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहने का संदेश दिया। राजस्थान गुर्जर महासभा के प्रदेशाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री कालूलाल गुर्जर ने कहा कि संगठन का उद्देश्य युवाओं को नेतृत्व प्रदान करना, शिक्षा के प्रति जागरूक करना तथा सामाजिक बुराइयों को समाप्त करना है। उन्होंने कहा कि जब तक समाज का प्रत्येक युवा शिक्षित और जागरूक नहीं होगा, तब तक समग्र विकास संभव नहीं है। देवनारायण बोर्ड राजस्थान सरकार के अध्यक्ष ओमप्रकाश भड़ाना ने कहा कि सरकार समाज के शैक्षणिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने युवाओं से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने तथा समाज के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष डॉ. मोहनलाल वर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा सबसे बड़ा हथियार है। उन्होंने विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक, प्रतियोगी परीक्षाओं और उच्च शिक्षा की ओर अग्रसर होने की प्रेरणा देते हुए कहा कि समाज को चिकित्सा, प्रशासन, इंजीनियरिंग, न्यायपालिका तथा अन्य उच्च सेवाओं में अपना प्रतिनिधित्व बढ़ाना चाहिए। वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. देवनारायण गुर्जर ने कहा कि समाज में स्वास्थ्य और शिक्षा दोनों समान रूप से महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने युवाओं से सामाजिक सेवा, स्वास्थ्य जागरूकता और शिक्षा के क्षेत्र में योगदान देने का आह्वान किया। भोजा पायरा अध्यक्ष एवं पूर्व उप प्रधान सुखलाल गुर्जर ने सभी अतिथियों एवं समाजबंधुओं का स्वागत करते हुए कहा कि तीर्थस्थल भोजा पायरा सदैव समाज की एकता और सामाजिक जागरण का केंद्र रहा है। भोजा पायरा सचिव मेवाराम गुर्जर ने संगठन की गतिविधियों एवं भावी कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर शिक्षा, संगठन और सामाजिक समरसता के लिए निरंतर कार्य किया जाएगा। पूर्व उप प्रधान एवं अखिल भारतीय गुर्जर महासभा राजस्थान के प्रदेश उपाध्यक्ष श्यामलाल गुर्जर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को शिक्षा, रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने युवाओं से समाज के विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। युवा प्रदेशाध्यक्ष गौरव गुर्जर ने कहा कि युवा शक्ति समाज परिवर्तन की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने युवाओं से संगठन की विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाने, शिक्षा का प्रचार-प्रसार करने तथा समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। पूर्व उप जिला प्रमुख शंकरलाल गुर्जर ने कहा कि समाज की प्रगति का मार्ग शिक्षा और संगठन से होकर गुजरता है। उन्होंने समाज के सक्षम लोगों से गरीब एवं मेधावी विद्यार्थियों की शिक्षा में सहयोग करने की अपील की। बद्रीलाल गुर्जर काछोला ने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को सामाजिक एकता बनाए रखते हुए नई पीढ़ी को संस्कारवान एवं शिक्षित बनाने का संकल्प लेना चाहिए। पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष धनराज गुर्जर ने कहा कि गुर्जर समाज को शिक्षा, सामाजिक एकता और आर्थिक आत्मनिर्भरता को समान महत्व देते हुए आगे बढ़ना होगा। उन्होंने समाज के युवाओं से नेतृत्व क्षमता विकसित कर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। राजस्थान युवा गुर्जर महासभा, जिला भीलवाड़ा के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष नारायण लाल गुर्जर काकड़ा ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि यदि गुर्जर समाज को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचना है तो शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी होगी। समाज का प्रत्येक बच्चा शिक्षित होगा, तभी समाज मजबूत, आत्मनिर्भर और सम्मानित बनेगा। उन्होंने कहा कि जिला कार्यकारिणी गांव गांव जाकर युवाओं को शिक्षा, संगठन, सामाजिक जागरूकता, नशामुक्ति, प्रतिभा सम्मान एवं समाज सेवा के लिए प्रेरित करेगी तथा मेधावी विद्यार्थियों को हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। राजस्थान गुर्जर महासभा के प्रदेश महामंत्री मोहनलाल सराधना ने कहा कि समाज की मजबूती संगठन, शिक्षा और आपसी विश्वास में निहित है। उन्होंने युवाओं से समाजहित के प्रत्येक अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने तथा नई पीढ़ी को सकारात्मक दिशा देने का आह्वान किया। हिन्दू भोज सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल गुर्जर ने कहा कि समाज का भविष्य युवाओं के हाथों में है। उन्होंने सभी सामाजिक संगठनों से एक मंच पर आकर शिक्षा, संस्कार और सामाजिक समरसता के लिए संयुक्त रूप से कार्य करने का आह्वान किया। लक्ष्मण सिंह गुर्जर ने कहा कि युवा शक्ति समाज परिवर्तन की आधारशिला है। उन्होंने संगठन को मजबूत करने, समाज में भाईचारा बढ़ाने तथा प्रत्येक सामाजिक अभियान में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। समारोह में सभी अतिथियों का साफा एवं माल्यार्पण कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम के अंत में समाज की एकता, शिक्षा और संगठन को सशक्त बनाने का सामूहिक संकल्प लिया गया। बड़ी संख्या में समाज के वरिष्ठजन, युवा, महिलाएं एवं विभिन्न क्षेत्रों से आए गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
