बिजौलिया – शुभम जैन। भीलवाड़ा जिले की नवगठित नगर पालिका बिजौलिया में आगामी नगर पालिका चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। अध्यक्ष पद के लिए अनारक्षित महिला सीट आरक्षित होने के बाद अब क्षेत्र की राजनीति में नए समीकरण बनने लगे हैं।
आरक्षण की घोषणा के साथ ही अध्यक्ष पद के लिए संभावित महिला दावेदारों को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। विभिन्न राजनीतिक दलों के साथ-साथ निर्दलीय स्तर पर भी संभावित प्रत्याशियों के नामों को लेकर राजनीतिक गलियारों में कयास लगाए जा रहे हैं।
नगर पालिका क्षेत्र में लंबे समय बाद होने जा रहे चुनाव को लेकर पहले से ही लोगों में खासा उत्साह है। अब अध्यक्ष पद महिला के लिए आरक्षित होने से चुनावी मुकाबला और भी रोचक होने की संभावना है। राजनीतिक दलों के स्थानीय पदाधिकारी और कार्यकर्ता वार्ड स्तर पर मजबूत प्रत्याशियों की तलाश और चुनावी रणनीति तैयार करने में जुट सकते हैं।
अब नजर इस बात पर रहेगी कि कौन-कौन सी महिला दावेदार अध्यक्ष पद की दौड़ में उतरती हैं और राजनीतिक दल किस चेहरे पर अपना भरोसा जताते हैं। आगामी दिनों में तस्वीर और स्पष्ट होने के साथ बिजौलिया की सियासत में चुनावी रंग और गहराने की उम्मीद है।
