रास्ता पूछने के बहाने वृद्ध महिला के पास पहुंचे, नाक से नथ झपटी और कार से फरार

BHILWARA
Spread the love


फूलियाकलां पुलिस ने तीन शातिर आरोपियों को दबोचा, वारदात में प्रयुक्त कार और 10 ग्राम सोने की नथ बरामद
शाहपुरा। मूलचन्द पेसवानी
फूलियाकलां थाना क्षेत्र में बकरियां चराने जा रही वृद्ध महिला से रास्ता पूछने के बहाने सोने की नथ झपटकर फरार हुए तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त क्विड कार और करीब 10 ग्राम वजनी सोने की नथ बरामद की है। बरामद नथ की अनुमानित कीमत करीब 1.50 लाख रुपए बताई गई है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पुलिस ने तीन दिन का रिमांड प्राप्त किया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
पुलिस के अनुसार पुलिस अधीक्षक सागर राणा के निर्देश पर जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी और पुराने प्रकरणों के निस्तारण के लिए अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शाहपुरा अंजुम कायल और पुलिस उप अधीक्षक शाहपुरा नानालाल सालवी के सुपरविजन में फूलियाकलां थाना प्रभारी दिनेश कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
रास्ता पूछने के बहाने वारदात
पुलिस के मुताबिक 11 अगस्त 2026 को बडला निवासी बाली देवी पत्नी सोकरण मीणा ने फूलियाकलां थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। महिला ने बताया कि वह सुबह करीब 11 बजे बकरियां चराने जा रही थी। इसी दौरान कादेड़ा की ओर से सफेद रंग की एक कार आई, जिसमें तीन-चार लोग सवार थे। कार से एक व्यक्ति नीचे उतरा और महिला से रास्ता पूछने के बहाने उसके पास पहुंचा। बातचीत के दौरान आरोपी ने महिला की नाक से सोने की नथ झपट ली और कार में बैठकर अपने साथियों के साथ फरार हो गया।
महिला अनपढ़ होने के कारण कार का नंबर नोट नहीं कर सकी। घटना के बाद पुलिस ने प्रकरण संख्या 180/2026 धारा 304(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र से खुला राज
वारदात के बाद पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और संभावित रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस ने संदिग्धों से पूछताछ के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। वारदात में इस्तेमाल वाहन के संबंध में साक्ष्य जुटाए गए। जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के बारे में महत्वपूर्ण सुराग मिले।
इसके बाद पुलिस ने अजीत जाट, मनीष जाट और राकेश जाट को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के बाद तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल क्विड कार (आरजे 08 सीए 6308) और लूटी गई करीब 10 ग्राम वजनी सोने की नथ बरामद कर ली।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
अजीत जाट, निवासी मगनपुरा,मनीष जाट निवासी मगनपुरा,राकेश जाट निवासी आमली कलां है।
पुलिस टीम में ये रहे शामिल-
कार्रवाई में फूलियाकलां थाना प्रभारी दिनेश कुमार, हेड कांस्टेबल प्रभुसिंह 671, कांस्टेबल सुरेश कुमार 1622, कांस्टेबल पंकज 97 और कांस्टेबल भवानी प्रताप 1965 शामिल रहे। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि उन्होंने इस तरह की अन्य वारदातों को भी अंजाम दिया है या नहीं।