BHILWARA

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 का शुभारंभ, शाहपुरा में जागरूकता कार्यक्रमों की हुई शुरुआत


शाहपुरा@(किशन वैष्णव)जिला परिवहन कार्यालय, शाहपुरा के तत्वावधान में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 का शुभारंभ 1 जनवरी से किया गया, जो 31 जनवरी 2026 तक चलेगा। इस दौरान जिलेभर में प्रतिदिन सड़क सुरक्षा से जुड़ी विभिन्न जागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी।

जिला परिवहन अधिकारी श्री अनिल कायथ ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के पहले दिन 1 जनवरी 2026 को वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों की पालना हेतु समझाइश की गई।



कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाए गए, ताकि रात्रि के समय दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके। वहीं जिला परिवहन कार्यालय में आने वाले नागरिकों को ट्रैफिक रूल्स एवं सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी दी गई।

इसके साथ ही वाहन एवं लाइसेंस सेवाओं के लिए आए लोगों के साथ सामान्य संवाद बैठक आयोजित की गई, जिसमें सड़क सुरक्षा विषय पर उनके विचार सुने गए तथा यातायात से जुड़ी भ्रांतियों का समाधान किया गया। अधिकारियों ने लोगों से नियमों का पालन करने और स्वयं व दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की।

अभियान के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि—
“सुरक्षित चलें, सुरक्षित रहें। यातायात नियमों का पालन करें, क्योंकि जीवन अमूल्य है।”

KAPIL SHYAM VIJAY

जहां सोच जवान हो , खबरे बेजुबान नहीं होतीं

Related Articles

Back to top button