BHILWARA

कोटड़ी श्याम मंदिर प्रांगण में 22 अक्टूबर से होगा अखंड श्रीरामचरितमानस पाठ

शाहपुरा-मूलचन्द पेसवानी
धार्मिक नगरी कोटड़ी स्थित प्रसिद्ध श्याम मंदिर प्रांगण में 22 अक्टूबर से 23 अक्टूबर तक श्रद्धा और भक्ति का अनोखा संगम देखने को मिलेगा। जय श्री कल्याण मानस मंडल के तत्वावधान में अखंड श्रीरामचरितमानस पाठ का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर विश्व कल्याण और धर्म संस्कृति के प्रसार की भावना से संपन्न होगा।
मंडल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पंडित पवन पाराशर ने जानकारी देते हुए बताया कि यह पाठ प्रतिमाह शुक्ल पक्ष की एकम तिथि से द्वितीया तिथि तक निरंतर रूप से आयोजित किया जाता है। इसका उद्देश्य सनातन धर्म, मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के आदर्शों और भारतीय संस्कृति का प्रचार-प्रसार करना है।


उन्होंने बताया कि आयोजन के दौरान पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण रहेगा। संत-महात्माओं, पंडितों और श्रद्धालुओं द्वारा चैबीस घंटे चलने वाला अखंड पाठ संपन्न किया जाएगा। भगवान श्रीराम के भजनों और मानस के सुंदरकांड, अरण्यकांड आदि के पाठ से पूरा वातावरण राममय होगा।
इस अवसर पर जय श्री कल्याण मानस मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित कल्याणमल दाधीच के सानिध्य में आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मानस पाठ न केवल धार्मिक अनुष्ठान है बल्कि यह समाज में प्रेम, शांति और सद्भाव का संदेश देने वाला प्रेरक आयोजन है।
मंडल से जुड़े पदाधिकारी और स्थानीय भक्तजन कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए तैयारियों में जुट गए हैं। मंदिर परिसर की सफाई, सजावट, रात्रि भजन संध्या और प्रसादी वितरण की व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
पंडित पवन पाराशर ने बताया कि अखंड रामचरितमानस पाठ के समापन पर 23 अक्टूबर को भव्य हवन, आरती और भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें क्षेत्रभर से श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
उन्होंने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस धार्मिक आयोजन का लाभ लेने और विश्व शांति की कामना में सहभागी बनने का आह्वान किया।

KAPIL SHYAM VIJAY

जहां सोच जवान हो , खबरे बेजुबान नहीं होतीं

Related Articles

Back to top button