कोटा में बड़ी आपराधिक वारदात करने की फिराक में आए दो बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इनके कब्जे से एक पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पकड़े गए बदमाशों में अजय सिंह हाडा उर्फ अज्जू और महेश झांझोट शामिल हैं। जो रणवीर चौधरी हत्याकांड के मुख्य वांछित अपराधी भी हैं।
शहर पुलिस एसपी तेजस्विनी गौतम ने बताया- दोनों आरोपी कुख्यात रणवीर चौधरी हत्याकांड के मुख्य वांछित अपराधी हैं, शिवराज गैंग के सक्रिय सदस्य बताए जा रहे हैं। इन पर पुलिस विभाग की ओर से एक-एक लाख रुपए का इनाम घोषित किया गया था।
दोनों राजस्थान के टॉप 10 मोस्ट वांटेड में शामिल
एसपी तेजस्विनी गौतम ने बताया- दोनों अपराधी राजस्थान राज्य के टॉप-10 मोस्ट वांटेड अपराधियों की सूची में भी शामिल हैं। भीलवाड़ा जिले के थाना बिगोद के एक प्रकरण में भी वांछित चल रहे थे।

कंधे पर बैग लटकाए घूम रहे थे दोनों आरोपी
यह कार्रवाई डीआईजी कोटा रेंज राजेन्द्र प्रसाद गौयल (IPS) के निर्देशन और एसपी तेजस्वनी गौतम के मार्गदर्शन में की गई। विशेष अभियान के तहत चल रही होटल और धर्मशालाओं की चेकिंग के दौरान एएसपी दिलीप कुमार सैनी, डीएसपी राजेश टेलर, और थानाधिकारी लईक अहमद की टीम ने इन्हें संदिग्ध हालात में पकड़ा।
दोनों आरोपी कंधों पर बैग लटकाए और सफेद साफी से चेहरा ढककर घूम रहे थे। पुलिस ने रोकर पूछताछ की तो इनके पास से आधार कार्ड मिले, जिनसे पहचान की पुष्टि हुई। तलाशी में एक पिस्टल और पांच कारतूस बरामद हुए।
