BHILWARA

बिजौलियां-शक्करगढ़ सड़क बनी मौत का रास्ता, एक माह में सुधार नहीं तो चक्का जाम

बिजौलियां । शुभम जैन

उपखंड क्षेत्र के लोगो ने कस्बे से शक्करगढ़ मुख्य सड़क की जर्जर हालत को लेकर प्रशासन के खिलाफ कड़ा रोष जताया है। क्षेत्रवासियों ने उपखंड अधिकारी अजीत सिंह को ज्ञापन सौंपकर सड़क के शीघ्र नवर्निर्माण की मांग की है।

ज्ञापन में बताया गया कि यह मार्ग बिजौलियां से जयपुर जाने का प्रमुख और सबसे छोटा रास्ता है, लेकिन वर्तमान में सड़क गहरे गड्ढों में तब्दील हो चुकी है, जिससे आवागमन बेहद जोखिम भरा हो गया है। वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।

क्षेत्रवासियों ने बताया कि हाल ही में एक गर्भवती महिला को प्रसव के लिए अस्पताल ले जाते समय खराब सड़क के कारण रास्ते में ही प्रसव हो गया। इस घटना को प्रशासनिक लापरवाही और सड़क की बदहाली का उदाहरण बताते हुए लोगों ने कड़ी नाराजगी जताई।

इसके अलावा खराब सड़क के चलते एम्बुलेंस सहित अन्य आपातकालीन सेवाएं भी समय पर नहीं पहुंच पा रही हैं, जिससे मरीजों और आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यह मार्ग कई गांवों को जोड़ता है, जहां से प्रतिदिन सैकड़ों लोग, छात्र-छात्राएं और किसान आवागमन करते हैं।

क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि एक माह के भीतर सड़क के नवर्निर्माण या सुदृढ़ीकरण का कार्य शुरू नहीं किया गया, तो उग्र आंदोलन और चक्का जाम किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसी स्थिति में किसी भी प्रकार की जनहानि या कानून व्यवस्था बिगड़ने की जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

इस अवसर पर दीपक मीणा ,किशन खटीक ,रणजीत सिंह कानावत ,यशवंत पुगलिया, नारायण मीणा ,रामफूल कहार ,शौकीन जैन ,दिग्विजय सिंह ,विश्वास यादव ,जितेश प्रजापत ,राधेश्याम ,ओम प्रकाश ,मोहन ,हरीश कुमार ,दिनेश कुमार सहित कई ग्रामवासी उपस्थित रहे ।

KAPIL SHYAM VIJAY

जहां सोच जवान हो , खबरे बेजुबान नहीं होतीं

Related Articles

Back to top button