BHILWARA

शाहपुरा में बहुप्रतीक्षित ट्रॉमा सेंटर का शिलान्यास, आपात चिकित्सा सेवाओं को मिलेगी नई दिशा


शाहपुरा। मूलचन्द पेसवानी
शाहपुरा में बहुप्रतीक्षित ट्रॉमा सेंटर का मंगलवार को विधिवत शिलान्यास किया गया। शाहपुरा विधायक डॉ. लालाराम बैरवा एवं भाजपा जिला अध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा ने राजकीय जिला अस्पताल, शाहपुरा के नवनिर्मित भवन के पीछे प्रस्तावित ट्रॉमा सेंटर का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने इसे क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक और जनहितकारी कदम बताया।


विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने बताया कि ट्रॉमा सेंटर की स्वीकृति मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा द्वारा बजट घोषणा के अंतर्गत दी गई है। इसके निर्माण के लिए राज्य सरकार द्वारा ₹2 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति जारी की गई है। वहीं, भवन निर्माण के बाद ट्रॉमा सेंटर को अत्याधुनिक बनाने के लिए मशीनरी एवं चिकित्सा उपकरणों की खरीद हेतु ₹1 करोड़ 7 लाख की अतिरिक्त राशि भी स्वीकृत की जा चुकी है।
उन्होंने कहा कि ट्रॉमा सेंटर के निर्माण से सड़क दुर्घटनाओं, गंभीर चोटों एवं अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को त्वरित और बेहतर उपचार उपलब्ध हो सकेगा। अब गंभीर घायलों को भीलवाड़ा या जयपुर रेफर करने की मजबूरी काफी हद तक कम होगी, जिससे कीमती समय और जान दोनों बचाई जा सकेंगी। विधायक ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।


कार्यक्रम में उपस्थित पीएमओ डॉ. अशोक जैन ने बताया कि ट्रॉमा सेंटर की प्रशासनिक स्वीकृति 10 जनवरी 2025 को प्राप्त हुई थी। इसके निर्माण में लगभग 8 माह का समय लगेगा तथा कार्यकारी एजेंसी के रूप में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) को नियुक्त किया गया है। हालांकि कार्यक्रम के दौरान कार्यकारी एजेंसी का कोई अधिकारी मौजूद नहीं रहा।



इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा, जिला मंत्री राजेंद्र बोहरा, नगर मंडल अध्यक्ष पंकज सुगंधी, पूर्व चेयरमैन कन्हैयालाल धाकड़, बालाराम खारोल, रमेश मारू, नरेश व्यास, राजाराम पोरवाल, जितेंद्र पाराशर, मुकेश, कैलाश धाकड़, महावीर सैनी एवं ग्रामीण मंडल अध्यक्ष जीवराज गुर्जर सहित कई जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

KAPIL SHYAM VIJAY

जहां सोच जवान हो , खबरे बेजुबान नहीं होतीं

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!