BHILWARA

ऊपरमाल धाकड़ समाज का 27वां सामूहिक विवाह सम्मेलन 26 अप्रैल को, तैयारियां तेज; अब तक 41 जोड़ों का पंजीयन

बिजौलिया (नरेश धाकड़)। ऊपरमाल धाकड़ समाज के 27वें सामूहिक विवाह सम्मेलन की तैयारियों को लेकर रविवार को आदर्श धाकड़ विद्यापीठ सीनियर सेकंडरी स्कूल प्रांगण में बैठक आयोजित की गई। सम्मेलन कमेटी के अध्यक्ष ओंकारलाल धाकड़ की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में आगामी आयोजन को लेकर विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

बैठक में जानकारी दी गई कि समाज का 27वां सामूहिक विवाह सम्मेलन आगामी 26 अप्रैल को आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन के लिए अब तक 41 जोड़ों का पंजीयन हो चुका है और पंजीयन की प्रक्रिया लगातार जारी है। आयोजन को सफल एवं व्यवस्थित बनाने के लिए समिति द्वारा अलग-अलग व्यवस्थाओं की जिम्मेदारियां तय की जा रही हैं।

बैठक में विवेक सुषमा धाकड़ स्मृति चैरिटेबल ट्रस्ट की चेयरमैन दीपशिखा धाकड़ भी मौजूद रहीं। इस दौरान ट्रस्ट की ओर से आगामी 4 अप्रैल को आयोजित होने वाले कार्यक्रम को लेकर भी चर्चा की गई। इस कार्यक्रम में मांडलगढ़ के पूर्व विधायक स्वर्गीय विवेक धाकड़ की प्रतिमा का अनावरण आदर्श धाकड़ विद्यापीठ सीनियर सेकंडरी स्कूल परिसर में किया जाएगा।

बैठक में सम्मेलन और प्रतिमा अनावरण समारोह की व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। आयोजन से जुड़े विभिन्न कार्यों के लिए टेंडर जारी करने का निर्णय भी लिया गया, ताकि सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जा सकें।

समिति के पदाधिकारियों ने समाज के लोगों से अधिक से अधिक सहयोग देने की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक विवाह सम्मेलन समाज की एक महत्वपूर्ण परंपरा है, जिससे सामाजिक एकता मजबूत होती है और जरूरतमंद परिवारों को भी सहयोग मिलता है।

सम्मेलन की तैयारियों को लेकर अगली बैठक अगले रविवार को आयोजित की जाएगी, जिसमें अब तक हुई तैयारियों की समीक्षा कर आगे की रणनीति तय की जाएगी।

KAPIL SHYAM VIJAY

जहां सोच जवान हो , खबरे बेजुबान नहीं होतीं

Related Articles

Back to top button