असफलताओं से लड़कर नीरज राजवानी ने रचा सफलता का इतिहास

BHILWARA
Spread the love


नीरज की कहानी बनी युवाओं के लिए प्रेरणा का उजाला
शाहपुरा। मूलचन्द पेसवानी

जहां अधिकतर युवा पारिवारिक परंपरा के अनुसार व्यवसाय की राह चुनते हैं, वहीं शाहपुरा के सिंधी समाज के होनहार युवा नीरज राजवानी ने अलग राह चुनकर यह साबित कर दिया कि अगर इरादे मजबूत हों तो हर मुश्किल मंजिल की सीढ़ी बन जाती है।
नीरज की कहानी केवल सफलता की कहानी नहीं, बल्कि संघर्ष, धैर्य और आत्मविश्वास की जीवंत मिसाल है। छोटी उम्र में ही पिता का साया सिर से उठ जाना किसी भी बच्चे के लिए गहरा आघात होता है, लेकिन नीरज ने हालातों के आगे घुटने टेकने के बजाय उन्हें अपनी ताकत बना लिया।
करीब तीन साल पहले, जब वह अपने सपनों को साकार करने के लिए जयपुर की गलियों में संघर्ष कर रहे थे, तब उनके मन में कई सवाल और असमंजस थे। लेकिन एक चीज हमेशा अडिग रहीकृउनका लक्ष्य। उन्होंने राजस्थान में सरकारी सेवा में चयन का सपना देखा और उसी को अपनी जिंदगी का मिशन बना लिया।
इस सफर में कई ऐसे पल आए जब उनका हौंसला टूट सकता था। जूनियर अकाउंटेंट के फाइनल रिजल्ट में कुछ अंकों से चूक जाना। संगणक परीक्षा की मेरिट में स्थान न बना पाना। असिस्टेंट प्रोफेसर के इंटरव्यू तक पहुंचकर भी चयन से वंचित रह जाना।
तीन-तीन बड़े झटकों के बावजूद नीरज ने हार नहीं मानी। हर असफलता के बाद उन्होंने खुद को और मजबूत किया। उनके जीवन में दो चीजें सबसे बड़ी ताकत बनीं उनका अटूट लक्ष्य और उनका सपोर्ट सिस्टम, यानी वे लोग जिन्होंने हर कठिन मोड़ पर उनका हौंसला बढ़ाया। आखिरकार, उनकी मेहनत और लगन रंग लाई। 1 अप्रैल 2026 को उनका चयन स्कूल व्याख्याता के पद पर हो गया। यह सफलता केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि वर्षों की तपस्या, संघर्ष और धैर्य का परिणाम है।
नीरज कहते हैं कि उन्होंने अपनी जिंदगी में हर कदम पर यही सीखा कि अगर एक रास्ते पर सफलता न मिले, तो दूसरा रास्ता चुनो, लेकिन कभी हार मत मानो। खासकर आज के समय में, जब कई युवा असफलता के दबाव में आकर गलत कदम उठा लेते हैं, नीरज की कहानी एक मजबूत संदेश देती है जीवन में कोई भी असफलता अंतिम नहीं होती, बस प्रयास जारी रखना जरूरी है। उनकी यह संघर्ष गाथा उन हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा है जो किसी न किसी परीक्षा की तैयारी में जुटे हैं और बीच-बीच में निराशा महसूस करते हैं।