*सम्मान आह्वान अभियान: सैकड़ों गौसेवकों ने सौंपा ज्ञापन, उपखंड अधिकारी की अनुपस्थिति में तहसीलदार ने लिया ज्ञापन*

BHILWARA
Spread the love



*फोकस भीलवाड़ा न्यूज़ बनेड़ा -परमेश्वर दमामी*

गो सम्मान आह्वान अभियान के तहत क्षेत्र में सोमवार को सैकड़ों की तादाद में गौसेवक, साधु-संत, गौभक्त और आमजन एकत्रित होकर उपखंड मुख्यालय पहुंचे। गौमाता को “राष्ट्र माता” घोषित करने की मांग को लेकर उपखंड अधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा गया।


कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10 बजे खारिया कुंड से भजन-कीर्तन व संकीर्तन यात्रा के साथ हुई। यात्रा में शामिल श्रद्धालु जयकारों के साथ उपखंड कार्यालय पहुंचे, जहां बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए और वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।
उपखंड मुख्यालय पहुंचने पर ज्ञापन सौंपने के लिए उपखंड अधिकारी श्री कांत व्यास का इंतजार किया गया, लेकिन वे किसी प्रशासनिक कार्य के चलते बाहर गए हुए थे। इस कारण गौभक्तों को करीब तीन घंटे तक इंतजार करना पड़ा। बाद में तहसीलदार संतोष सुनारीवाल ने मौके पर पहुंचकर ज्ञापन प्राप्त किया।
ज्ञापन में गौमाता को राष्ट्र माता का दर्जा देने, गौ संरक्षण के लिए सख्त कानून लागू करने और गौवंश की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग प्रमुख रूप से रखी गई।
इस दौरान क्षेत्र के कई प्रमुख साधु-संत, गौसेवक, सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे। वक्ताओं ने कहा कि गौमाता भारतीय संस्कृति और आस्था का केंद्र है, इसलिए उसे राष्ट्र माता का सम्मान दिया जाना चाहिए।
कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ, हालांकि उपखंड अधिकारी की अनुपस्थिति के कारण कुछ समय के लिए असंतोष भी देखने को मिला। आयोजकों ने प्रशासन से मांग की कि ज्ञापन को गंभीरता से लेते हुए उच्च स्तर तक पहुंचाया जाए।