रेलवे कनेक्टिविटी को लेकर उठी मांग, बिजोलिया को नई रेल लाइन से जोड़ने की पहल शुरू

BHILWARA
Spread the love



बिजोलिया। क्षेत्र के विकास और रोजगार के नए अवसरों को गति देने के उद्देश्य से बिजोलिया को नई रेलवे लाइन से जोड़ने की मांग जोर पकड़ने लगी है। इसी क्रम में भाजपा के निवर्तमान मंडल अध्यक्ष मनोज गोधा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने भीलवाड़ा सांसद दामोदर अग्रवाल को ज्ञापन सौंपकर मंदसौर-नीमच-सिंगोली होते हुए बिजोलिया तथा आगे माल का खेड़ा रेलवे स्टेशन तक नई रेल लाइन स्वीकृत करवाने की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल में मंडल महामंत्री मुकेश धनोपिया, पूर्व महामंत्री वेद प्रकाश तिवारी एवं राजेश पटवारी भी शामिल रहे। प्रतिनिधियों ने सांसद को अवगत कराया कि बिजोलिया जैसे औद्योगिक और व्यापारिक क्षेत्र के लिए रेलवे सुविधा अब समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुकी है।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि बिजोलिया देश की प्रमुख सेंडस्टोन मंडियों में शामिल है, जहां से पत्थर का निर्यात करीब 80 देशों तक किया जाता है। वर्तमान में यह कारोबार पूरी तरह सड़क परिवहन पर निर्भर है और माल गुजरात के मुंद्रा पोर्ट तक ट्रकों के माध्यम से पहुंचाया जाता है, जिससे लागत बढ़ जाती है। रेलवे कनेक्टिविटी मिलने पर परिवहन खर्च कम होगा और व्यापार को नई गति मिलेगी।

सांसद दामोदर अग्रवाल ने क्षेत्र की जरूरत को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि वे जल्द ही केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर इस प्रस्ताव को प्राथमिकता के साथ उठाएंगे। उन्होंने कहा कि रेल लाइन से जुड़ने पर बिजोलिया क्षेत्र में उद्योग, व्यापार और रोजगार के नए अवसर विकसित होंगे तथा युवाओं का पलायन भी रुकेगा।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि रेलवे सुविधा के अभाव में क्षेत्र के लोगों को लंबे समय से परिवहन संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में नई रेल लाइन न केवल बिजोलिया बल्कि आसपास के क्षेत्रों के लिए भी विकास की नई राह खोल सकती है।