विधायक कोठारी ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

BHILWARA
Spread the love


शारीरिक शिक्षक भर्ती 2022 के चयनित कार्मिकों को स्थाई करने की मांग
भीलवाड़ा, 8 मई।
भीलवाड़ा विधायक अशोक कुमार कोठारी ने शारीरिक शिक्षक सीधी भर्ती-2022 में चयनित कार्मिकों के वेतन नियमितीकरण एवं स्थाईकरण की मांग को लेकर मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा को पत्र लिखकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
विधायक कोठारी ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया पूर्ण हुए लगभग तीन वर्ष बीत जाने के बावजूद चयनित शिक्षकों का वेतन नियमितीकरण एवं स्थाईकरण नहीं हो पाया है, जिससे अभ्यर्थियों में असंतोष एवं चिंता का माहौल है। उन्होंने कहा कि कई चयनित शिक्षकों ने उन्हें अभ्यावेदन सौंपकर अपनी समस्याओं से अवगत कराया है।
कोठारी ने पत्र में उल्लेख किया कि नियमितीकरण की प्रक्रिया लंबित रहने से चयनित शिक्षक मानसिक तनाव एवं असुरक्षा की भावना से गुजर रहे हैं। साथ ही कम वेतन के कारण उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना भी करना पड़ रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि राज्यस्तरीय एवं संभागस्तरीय समितियों को आवश्यक निर्देश जारी कर चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की शीघ्र जांच कराई जाए तथा पात्र अभ्यर्थियों के वेतन नियमितीकरण एवं स्थाईकरण की प्रक्रिया जल्द पूर्ण की जाए, ताकि उन्हें समय पर समस्त सेवा परिलाभ प्राप्त हो सकें।
विधायक कोठारी ने अपने पत्र में राज्य सरकार के शिक्षा (ग्रुप-2) विभाग द्वारा जारी उस आदेश का भी उल्लेख किया है, जिसके तहत पीटीआई भर्ती-2022 में चयनित अभ्यर्थियों के वेतन नियमितीकरण एवं स्थाईकरण पर रोक लगाई गई थी। संयुक्त शासन सचिव मनीष गोयल द्वारा 18 अगस्त 2025 को जारी आदेश में कहा गया था कि भर्ती में चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेज फर्जी होने संबंधी लगातार शिकायतें प्राप्त होने के कारण राज्यस्तरीय एवं संभागस्तरीय जांच समितियों का गठन किया गया है। जांच प्रक्रिया पूर्ण होने तक चयनित अभ्यर्थियों के वेतन नियमितीकरण एवं स्थाईकरण पर आगामी आदेशों तक रोक लगाने के निर्देश दिए गए थे।
कोठारी ने कहा कि अब लंबा समय बीत जाने के बावजूद जांच प्रक्रिया पूर्ण नहीं होने से वास्तविक एवं पात्र अभ्यर्थियों को अनावश्यक परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए शीघ्र निर्णय लेने का आग्रह किया है।