कल्याणी फाउंडेशन के ‘ईवॉल्व द सुपर मोम’ उत्सव में छलका मातृत्व का गौरव

BHILWARA
Spread the love



समाज के लिए मिसाल बनीं रक्षा को मिला ‘प्राउड मदर अवार्ड’

सुपर मॉम कॉन्टेस्ट में रेणु, सुपर सेल्फी में निक्की बनी विजेता

भीलवाड़ा। विश्व मातृत्व दिवस के उपलक्ष्य में कल्याणी फाउंडेशन द्वारा भिक्षु विहार में ‘ईवॉल्व द सुपर मोम’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एसजीएसटी विभाग की डिप्टी कमिश्नर श्रीमती शेलू छाजेड उपस्थित रहीं। अध्यक्षता फाउंडेशन की अध्यक्ष दिव्या बोरदिया ने की। विशिष्ट अतिथि के तौर पर एवीवीएनएल की कार्मिक अधिकारी श्रीमती अंशिका जैन, मिश्री की फाउंडर श्रीमती रक्षा जैन एवं महावीर इंटरनेशनल कनक की अध्यक्ष श्रीमती सुमन दुगड़ ने शिरकत की।

समारोह का शुभारंभ कल्याणी थीम सॉन्ग और नई सदस्यों के ‘बेज’ अलंकरण के साथ हुआ। इस अवसर पर समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि श्रीमती शेलू छाजेड ने कहा किे एक माँ केवल परिवार की धुरी ही नहीं, बल्कि समाज के विकास का आधार स्तंभ है। आज की महिलाएँ जिस तरह से अपनी पेशेवर ज़िम्मेदारियों और पारिवारिक मूल्यों के बीच संतुलन बना रही हैं, वह वाकई वंदनीय है। फाउंडेशन की अध्यक्ष श्रीमती दिव्या बोरदिया ने कहा कि मातृत्व का उत्सव केवल एक दिन का नहीं, बल्कि हर उस पल का है जब एक माँ अपने सपनों को पंख देती है। इस कार्यक्रम के माध्यम से हमारा उद्देश्य महिलाओं के भीतर छुपे आत्मविश्वास को बाहर लाना और उन्हें सम्मानित करना है।

*बिजनेस शोकेस ने बढ़ाया कामकाजी महिलाओं का हौंसला*

फाउंडेशन की उद्यमी महिलाओं ने ‘बिज़नेस शोकेस’ के माध्यम से अपने कौशल का प्रदर्शन किया। उन्होंने प्रस्तुति के माध्यम से अपने व्यवसाय और प्रोडक्ट्स की विस्तृत जानकारी महिलाओं के समक्ष रखी जिसकी सभी ने सराहना कर उनका हौंसला बढ़ाया। यह सेशन महिला उद्यमिता को प्रोत्साहन देने का उपक्रम साबित हुआ।


*पुरस्कारों की रही धूम – सुपर मॉम और सेल्फी कॉन्टेस्ट ने बढ़ाया रोमांच*

कार्यक्रम के आकर्षण ‘सुपर मॉम’ कॉन्टेस्ट में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। ‘डिस्क्राइब योरसेल्फ’ और ‘वर्क-लाइफ बैलेंस’ बाधा दौड़ जैसे रोचक चरणों के बाद निर्णायक मंडल ने विजेताओं की घोषणा की।सुपर मॉम कॉन्टेस्ट में रेणु जैन ने प्रथम, मीना पगारिया ने द्वितीय और अलका बाबेल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार ऑनलाइन सुपर सेल्फी कॉन्टेस्ट में निक्की खटोड़ प्रथम, प्रीति सिंगावत द्वितीय, रुचि अग्रवाल एवं पिंकी सोनी तृतीय स्थान पर रहीं। लकी ड्रॉ में पूजा मल्होत्रा विजेता रही। सभी विजेताओं को अतिथियों द्वारा आकर्षक पारितोषिक प्रदान कर सम्मानित किया गया।

*प्राउड मदर अवार्ड ने बढ़ाई समारोह की गरिमा*

कार्यक्रम की सबसे भावुक और गौरवमयी कड़ी प्राउड मदर अवार्ड रही, जिसमें समाज के समक्ष दुग्धदान कर मिसाल कायम करने वाली वर्ल्ड रिकॉर्ड होल्डर श्रीमती रक्षा जैन को सम्मानित किया गया। उन्होंने अपनी पहली डिलीवरी के बाद उन्होंने जून 2018 से 2019 तक 54 लीटर दूध दान किया। अपनी दूसरी डिलीवरी के बाद, उन्होंने 2023 में 106.81 लीटर दूध दान किया। एक मां के रूप में उनका कुल योगदान 160.81 लीटर रहा, जिससे जरूरतमंद बच्चों को 5,000 बार से ज्यादा दूध पिलाया गया है।

कार्यक्रम का संचालन एकता लोढ़ा ने किया। व्यवस्थाओं में सपना बाहेती, सविता सोमानी, प्रिया मेडतवाल, पूनम जैन, रक्षिता शर्मा, पूजा मल्होत्रा, हेमा जेठानी, सुरभि चोरडिया, प्रिया लोढ़ा, रीना बापना का विशेष सहयोग रहा।