माझी साहब का खेड़ा में महिलाओं ने भरी हुंकार: 13 मई के रक्तदान शिविर में बढ़-चढ़कर लेंगी हिस्सा

BHILWARA
Spread the love



बिजोलिया(, नरेश धाकड़)
विवेक सुषमा चैरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में 13 मई को आयोजित होने वाले विशाल रक्तदान शिविर को लेकर क्षेत्र में जबरदस्त उत्साह है। इसी कड़ी में शुक्रवार रात माझी साहब का खेड़ा गांव के मुख्य चौक पर आयोजित बैठक में ट्रस्ट की अध्यक्ष दीपशिखा धाकड़ ने गांव की महिलाओं को संबोधित किया और रक्तदान जैसे महादान के लिए प्रेरित किया।



दीपशिखा धाकड़ ने कहा, “रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं। एक यूनिट खून 3 से 4 जिंदगियों को बचा सकता है। महिलाएं समाज की ताकत हैं, और जब महिलाएं आगे आती हैं तो कोई भी अभियान सफल हो जाता है।” उनके संबोधन के बाद मौजूद महिलाओं ने एक स्वर में 13 मई को रक्तदान शिविर में पहुंचने का संकल्प लिया।

महिलाओं की भागीदारी बनी मिसाल 
गांव के मंदिर परिसर में आयोजित इस बैठक में बड़ी संख्या में महिलाएं रंग-बिरंगी साड़ियों में शामिल हुईं। बुजुर्ग से लेकर युवा महिलाओं तक सभी ने रक्तदान को लेकर जानकारी ली और अपनी सहभागिता का भरोसा दिया। ग्रामीणों ने भी इस पहल की सराहना की और कहा कि दीपशिखा धाकड़ के नेतृत्व में गांव की महिलाएं सामाजिक कार्यों में नई पहचान बना रही हैं।

दर्जन भर गांवों का दौरा, हर जगह मिला समर्थन 
रक्तदान शिविर को सफल बनाने के लिए दीपशिखा धाकड़ ने माझी साहब का खेड़ा के साथ-साथ लक्ष्मी खेड़ा, नयागांव, मानपुरा, थड़ौदा सहित करीब एक दर्जन गांवों का दौरा किया। हर गांव में महिलाओं और युवाओं ने शिविर में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का वादा किया।

13 मई को लगेगा शिविर 
विवेक सुषमा चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा 13 मई को श्री आदर्श विवेक धाकड़ विद्यापीठ संस्थान, नयागांव में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। ट्रस्ट की अध्यक्ष ने बताया कि शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम, एंबुलेंस और सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। सभी रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित भी किया जाएगा।

  दीपशिखा धाकड़ ने क्षेत्र के सभी ग्रामवासियों से अपील की है कि वे 13 मई को अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस पुण्य कार्य में भाग लें और “रक्तदान-महादान” के संदेश को घर-घर तक पहुंचाएं।