बड़लियास पुलिस की बड़ी कार्रवाई: कार से 214.02 किलो डोडा चूरा जब्त, चालक फरार

BHILWARA
Spread the love



बड़लियास( रोशन वैष्णव)

जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़लियास थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 कट्टों में भरा 214.02 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान तस्करी में प्रयुक्त ब्रेजा कार संख्या RJ09 CB 7301 को भी जब्त किया गया, जबकि चालक पुलिस को देखकर मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार जिला पुलिस अधीक्षक भीलवाड़ा के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय एवं वृत्ताधिकारी मांडलगढ़ के सुपरविजन में बड़लियास थाना पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
घटना 4 सितंबर 2026 की है। थानाधिकारी श्री जसवंत सिंह मय पुलिस जाप्ता क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान बैडच नाका पुलिया के पास एक संदिग्ध ब्रेजा कार को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर चालक वाहन को तेज गति से भगाने लगा। पुलिस टीम ने पीछा किया तो चालक कार को छोड़कर फरार हो गया।
कार की तलाशी लेने पर उसमें रखे 11 प्लास्टिक के कट्टों से कुल 214.02 किलोग्राम डोडा चूरा बरामद हुआ। पुलिस ने मादक पदार्थ और ब्रेजा कार को जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। फरार चालक की तलाश के साथ ही मामले में अग्रिम अनुसंधान जारी है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
थानाधिकारी जसवंत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम में बजरंग लाल, सांवलदान, पुखापुरी, पंकज कुमार , नाहर सिंह, दीपक कुमार और शंकरलाल सहित पुलिसकर्मियों ने कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई से अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों में हड़कंप मच गया है।