BHILWARA

धनतेरस पर ‘धन’ के साथ पकड़े गए कमिश्नर:दीपावली से पहले नेताजी का ‘बिजली कनेक्शन’ बहाल; डोटासरा बोले-‘मोरिया बुला दो’

राजस्थान की राजनीति और ब्यूरोक्रेसी


दीपावली से पहले सांसद महोदय का कटा हुआ बिजली कनेक्शन जुड़ गया। उम्मीद है कि अब समय पर बिजली बिल चुकता होता रहेगा। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी जी को आखिरकार याद आ ही गया कि अंता में जो युवा नेताजी ने बगावत कर निर्दलीय पर्चा भरा है, वो उनसे आकर मिले थे और पार्टी का टिकट मांगा था। अब याददाश्त को दुरुस्त करते हुए उन्होंने नेता को वापस लौटने की सलाह दी है। इधर, शेखावाटी वाले नेताजी ने कार पर चढ़कर मोरिया बुला रहे हैं।


1. हनुमान बेनीवाल का बिजली-कनेक्शन और मिमिक्री

दीपावली से पहले सांसद महोदय के आवास का बिजली कनेक्शन जोड़ दिया गया है। उन्होंने बिल जमा नहीं कराया था। इसलिए कनेक्शन कट हो गया था।

त्योहार पर जनप्रतिनिधि के घर अंधेरा रहे, हाईकोर्ट को अच्छा नहीं लगता। अब उम्मीद की जा सकती है कि माननीय समय पर बिल चुकाते रहेंगे।
वैसे कला की चमक के आगे सारी बिजलियां फीकी हैं। ओसियां में एक युवा का वीडियो खूब चमक रहा है। वह माननीय सांसद महोदय की हूबहू मिमिक्री कर रहा है।

छत पर ही मंच सजा लिया गया। माइक लेकर युवक नेताजी के अंदाज में बोलने लगा। साथी उसकी कला पर निसार। लेकिन ओरिजिनल तो ओरिजिनल ही हैं भाईसाब।


2. बारां में धनतेरस के लिए धन लेते पकड़े गए अफसर

त्योहार का समय है। महंगाई आसमान पर है। सैलरी में घर चल सकता है, ‘दिखावा’ नहीं किया जा सकता। लेकिन समय तो दिखावे का है। दिखावे के लिए रिश्वत लेना जरूरी है।

बारां जिले में चुनावी माहौल चल रहा है। अफसर-कर्मचारी ताक में। इधर एसीबी भी तालाब में कांटा डालकर बैठी है। बारां में 24 घंटे के भीतर मछली से लेकर मगरमच्छ तक कांटे में फंस गए।


नगर परिषद आयुक्त और असिस्टेंट फायर ऑफिसर ढाई लाख की नकदी के साथ धरे गए। दोनों मिलकर एक व्यापारी को परेशान कर रहे थे। व्यापारी को ऑफर दिया कि 5 लाख दे दो तो परेशान नहीं करेंगे।
त्योहार के टाइम पर व्यापारी को नहीं छेड़ना चाहिए। हो सकता है बाजार ठंडा हो। मंदी से परेशान हो। दुकान न चल रही हो। परेशान व्यापारी एसीबी के दरवाजे पहुंच गया।


एसीबी ने फील्डिंग सजा ली। रिश्वत लेने व्यापारी को अफसरों ने फायर स्टेशन बुलाया। ढाई लाख की रकम लेकर फायर अफसर स्कूटी की डिक्की में डालने वाला था कि टीम ने वहीं दबोच लिया। दीपावली पर लग्जरी शॉपिंग के सपने धरे रह गए।

3. कार पर चढ़कर डोटासराजी का डांस ऑन डिमांड

राजस्थान में अंता उपचुनाव पर सभी की निगाहें हैं। भायाजी पर कांग्रेस ने दोबारा दांव खेला। वहीं भाजपा के टिकट में पूर्व सीएम की मुहर लगी। निर्दलीय नेताजी भी ‘जमीन चक्कर’ बने हुए हैं।

यानी चुनावी फुलझड़ियां जलनी शुरू हो गई हैं। जैसे-जैसे समय आगे बढ़ेगा, खूब आतिशबाजी की संभावना है।


वैसे कांग्रेस प्रदेश प्रभारी रंधावाजी को याद आ गया कि युवा नेताजी कांग्रेस के पुराने साथी हैं। अंता में उन्होंने सुझाव दे दिया कि कांग्रेस में लौट आएं।

वैसे भायाजी की नैया पार लगाने के लिए पीसीसी चीफ डोटासरा गमछा लेकर तैयार हैं। वे कार पर चढ़कर नाच चुके हैं। गमछा घुमाकर ठुमका लगा चुके हैं और मोरिया भी बुला चुके हैं।

KAPIL SHYAM VIJAY

जहां सोच जवान हो , खबरे बेजुबान नहीं होतीं

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!