अशोक गहलोत के सामने आई कांग्रेस की गुटबाजी:रेलवे स्टेशन पर शांति धारीवाल और प्रहलाद गुंजल के समर्थकों में धक्का-मुक्की हुई

BHILWARA
Spread the love


कोटा में शनिवार देर रात एक बार फिर कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान खुलकर सामने आ गई। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत कोटा रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। इस दौरान पार्टी के दो गुटों में जोरदार नारेबाजी और धक्का-मुक्की होने लगी। शांति धारीवाल और प्रहलाद गुंजल के समर्थक आमने-सामने आ गए। हालात इतने बिगड़ गए कि बीच-बचाव कर रही पुलिस को भी दोनों पक्षों ने घेर लिया। फिर नोकझोंक करने लगे।



इस दौरान गहलोत कोटा से अंता विधानसभा उपचुनाव में प्रचार के अंतिम दिन सभा को संबोधित करने बारां जिले के लिए रवाना होने वाले थे। रेलवे स्टेशन पर मची अफरातफरी के बीच गहलोत बिना किसी प्रतिक्रिया के सीधे अपनी गाड़ी में बैठकर रवाना हो गए। सबसे बड़ी बात यह रही कि गहलोत के स्वागत के लिए न तो शांति धारीवाल पहुंचे और न ही प्रहलाद गुंजल।

गुंजल बोले- मुझे जानकारी नहीं

कांग्रेस नेता प्रहलाद गुंजल ने बताया- कल रात में अंता विधानसभा उपचुनाव में था स्टेशन पर क्या हुआ इसकी जानकारी मुझे नहीं है।

पूरे मामले पर कांग्रेस नेता अमित धारीवाल ने बताया- कांग्रेस एक ही है, किसी तरह का कोई गुट नहीं है। हमारे पूर्व मुख्यमंत्री आए थे तो कार्यकर्ताओं में जोश था। नारेबाजी कर रहे थे। अलग-अलग नेताओं के अलग-अलग कार्यकर्ता समर्थक होते हैं। वह सभी अपने-अपने नेताओं के नाम से नारेबाजी करते हैं। इसी तरह से कोटा के विकास पुरुष शांति धारीवाल के कार्यकर्ता भी उनके नाम के नारे लगा रहे थे।


पहले भी आमने-सामने हो चुके समर्थक

इससे पहले भी 5 अक्टूबर को भी कोटा में कांग्रेस की अंदरूनी गुटबाजी सामने आई थी। एआईसीसी के संगठन सृजन अभियान को लेकर नियुक्त पर्यवेक्षक और तेलंगाना के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष जेट्टी कुसुमा कुमार कांग्रेस कार्यालय पहुंचे थे। बैठक के दौरान शांति धारीवाल और प्रहलाद गुंजल के समर्थक नारेबाजी करने लगे थे। इसके बाद माहौल बिगड़ने लग गया था। कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए वे आमने-सामने हो गए थे।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष बोले- गुंजल हमारे भेजे हुए, गुंजल ने कहा था- राठौड़ का बयान बकवास

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा था कि प्रहलाद गुंजल तो हमारे ही भेजे हुए हैं, देखिए वो कांग्रेस में जाकर क्या काम कर रहे हैं। इस पर प्रहलाद गुंजल ने कहा था कि मदन राठौड़ का बयान बकवास है। मैंने भाजपा को ठोकर मारकर छोड़ा है।