BHILWARA

शाहपुरा में नाला निर्माण के सर्वे कार्य का शुभारंभ, कॉलोनियों को मिलेगा गंदे पानी की समस्या से राहत

शाहपुरा-मूलचन्द पेसवानी
शाहपुरा नगर पालिका क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही जलभराव एवं गंदे पानी की निकासी की समस्या के समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए सोमवार को नाला निर्माण कार्य के सर्वे प्रांरभ किया गया। इसकी शुरुआत से पूर्व स्थल का पालिका अध्यक्ष सोनी सहित अधिकारियों ने निरीक्षण किया। यह कार्य राजस्थान शहरी आधारभूत विकास कार्यक्रम (आर.यू.आई.डी.पी) द्वारा तीन वर्ष पूर्व में स्वीकृत परियोजना के तहत किया जा रहा है।
आज नगरपालिका अध्यक्ष रघुनंदन सोनी ने तकनीकी अधिकारियों के साथ प्रस्तावित नाला निर्माण स्थल का निरीक्षण कर परियोजना की प्रगति एवं योजना की जानकारी ली। इस दौरान उनके साथ नगरपालिका के कनिष्ठ अभियंता कुलदीप जैन, सृष्टि इन्फ्रा प्रा. लि. जयपुर के संवेदक प्रतिनिधि सहित तकनीकी अधिकारी शिवम मौजूद रहे। अध्यक्ष सोनी ने अधिकारियों को निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ समयबद्ध पूरा करने के निर्देश दिए।

[metaslider id=”6401″]



2200 मीटर लंबा नाला पर 3.42 करोड़ की लागत आयेगी-
नगरपालिका अध्यक्ष सोनी के अनुसार यह नाला निर्माण कार्य अ.वि.वि.एन.एल. कार्यालय के पीछे से प्रारम्भ होकर कुण्ड़ गेट स्कूल के पास से होकर आगे नगरपालिका की भूमि तक किया जाएगा। इसकी कुल लंबाई लगभग 2200 मीटर निर्धारित की गई है। इस परियोजना की अनुमानित लागत लगभग 3.42 करोड़ रुपये है, जिसे आर.यू.आई.डी.पी द्वारा स्वीकृति प्रदान की गई है। संवेदक द्वारा साइट पर सर्वे कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। सर्वेक्षण पूर्ण होते ही नाले का निर्माण कार्य तेजी से शुरू किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार पूरी परियोजना को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

[metaslider id=”6448″]


कई कॉलोनियों को मिलेगा लाभ-
इस नाले के निर्माण से बीते कई वर्षों से भीलवाड़ा रोड क्षेत्र की विभिन्न कॉलोनियों में जमी गंदे पानी की समस्या का समाधान होगा। आदर्श नगर, रामपुरा बस्ती, असावा नगर, गौकुल लाल असावा कॉलोनी एवं इंद्रा कॉलोनी के निवासियों को बारिश के दौरान जलभराव से भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। नाला निर्माण के बाद इन सभी कॉलोनियों में गंदे पानी की निकासी सुचारू रूप से होने लगेगी।

शहर विकास की दिशा में बड़ा कदम-
पालिका अध्यक्ष रघुनंदन सोनी ने कहा कि शाहपुरा शहर को स्वच्छ, सुरक्षित और विकसित बनाने की दिशा में नगरपालिका प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि शहर के अन्य क्षेत्रों में भी इस प्रकार के सीवरेज एवं नाला निर्माण कार्य की योजनाएं चरणबद्ध तरीके से क्रियान्वित की जा रही हैं। उन्होंने स्थानीय नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि विकास कार्यों के दौरान अस्थाई असुविधा हो सकती है, लेकिन यह शहर के बेहतर भविष्य के लिए जरूरी है।
स्थानीय नागरिकों ने भी इस परियोजना के प्रारंभ होने पर संतोष व्यक्त किया और बताया कि इससे बरसात के मौसम में घरों व सड़कों पर जमा होने वाले गंदे पानी की समस्या से उन्हें राहत मिल सकेगी। नगरपालिका प्रशासन का यह कदम शहर की आधारभूत संरचना को मजबूत करते हुए स्वच्छता और सार्वजनिक स्वास्थ्य को बेहतर दिशा प्रदान करेगा।

KAPIL SHYAM VIJAY

जहां सोच जवान हो , खबरे बेजुबान नहीं होतीं

Related Articles

Back to top button