BHILWARA

कांग्रेस नेता के बयान पर भड़के विधायक गोपीचंद मीणा कहा, अमर्यादित व्यवहार कांग्रेस की हताशा का प्रतीक


जहाजपुर।गजानंद जोशी ।

कांग्रेस के पूर्व प्रधान और नेता नीरज गुर्जर द्वारा भाजपा में शामिल हुए कार्यकर्ताओं के प्रति अमर्यादित और असभ्य टिप्पणी किए जाने के बाद विधायक गोपीचंद मीणा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि यह बयान कांग्रेस की हताशा, निराशा और राजनीतिक असुरक्षा की झलक है।

विधायक मीणा ने कहा कि पिछले दो वर्षों में कांग्रेस से निराश कई कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विकासोन्मुखी सोच और भाजपा की जनकल्याणकारी नीतियों से प्रेरित होकर पार्टी से जुड़ रहे हैं।
ये वही स्वाभिमानी और कर्मनिष्ठ लोग हैं जिन्होंने अपने आत्मसम्मान और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए भाजपा का दामन थामा है।


उन्होंने कहा कि कांग्रेस में अपने कार्यकर्ताओं का सम्मान नहीं है, वहां आत्मसम्मान रखने वाला व्यक्ति नहीं टिक सकता। नीरज गुर्जर जैसे नेताओं के अमर्यादित शब्द इस बात का प्रमाण हैं कि कांग्रेस अब दिशाहीन और नकारात्मक राजनीति में फंस चुकी है।

मीणा ने कहा कि भाजपा में लोग रीति-नीति और मर्यादित आचरण से प्रभावित होकर आते हैं। हम सबका साथ, सबका विकास के संकल्प के साथ काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जहाजपुर–कोटड़ी क्षेत्र में डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में आजादी के बाद पहली बार इतने बड़े पैमाने पर विकास कार्य हुए हैं।

विधायक ने कहा कि कांग्रेस छोड़कर भाजपा से जुड़ने वाले कार्यकर्ताओं के प्रति असभ्य भाषा का प्रयोग कर कांग्रेस नेताओं ने अपनी राजनीतिक असहिष्णुता को उजागर किया है। भाजपा में हर कार्यकर्ता का सम्मान होता है, और यही कारण है कि आज जनता और कार्यकर्ता दोनों भाजपा पर भरोसा जता रहे हैं

KAPIL SHYAM VIJAY

जहां सोच जवान हो , खबरे बेजुबान नहीं होतीं

Related Articles

Back to top button