BHILWARA

सोनू हत्या कांड का खुलासा: गला रेतकर हत्या करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार, बाजार में निकाली गई परेड

बिजौलिया/डाबी। डाबी थाना क्षेत्र के पराना इलाके में सोनू सिंह हाड़ा की बेरहमी से चाकू मारकर की गई हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हत्या में शामिल चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। गुरुवार को इन आरोपियों की नगर में परेड भी कराई गई।

गिरफ्तार आरोपियों में आकाश उर्फ गोल्डी, आशीष उर्फ आशु राठौर, अरमान मोहम्मद और अनिल मीणा शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक राजेंद्र मीणा ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि हत्या की वारदात को पूरी योजना के तहत अंजाम दिया गया था। यह हत्या एक प्रेम-प्रसंग से उपजे विवाद के चलते रची गई थी। आरोपी अरमान मोहम्मद ने कोटा से अपने सुपारी किलर दोस्तों को एक लाख रुपए में बुलाकर हत्या की साजिश रची।आरोपियों ने सोनू सिंह को रात में फोन कर बुलाया और सुनसान जगह पर चाकुओं से उसका गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी।

तकनीकी जांच और टीमवर्क से मिली सफलता

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष जांच टीम गठित की गई थी। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल्स और डॉग स्क्वॉड व फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की मदद से पूरे घटनाक्रम की कड़ियाँ जोड़ी। जांच का नेतृत्व नमाना थानाधिकारी धर्माराम चौधरी कर रहे थे, जबकि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमा शर्मा और डिप्टी एसपी हेमंत गौतम भी मामले की निगरानी कर रहे थे ।

घटनास्थल से जुटाए गए तकनीकी साक्ष्यों और गहन पूछताछ के आधार पर पुलिस ने एक-एक कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया।

हाईवे किया था जाम, इलाके में फैली थी सनसनी

गौरतलब है कि मृतक सोनू सिंह (25) सोमवार रात किसी कॉल पर बात करने के बाद बाइक से निकला था और सुबह उसका शव खून से लथपथ हालत में मिला था। शरीर पर चाकू के गहरे वार होने से हत्या की पुष्टि हुई थी। गुस्साए ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे 27 को जाम कर दिया था, जिसे चार घंटे की मशक्कत के बाद खोला गया।

अब पुलिस द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद क्षेत्र में राहत का माहौल है। पुलिस ने बताया कि जल्द ही आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा और मामले में चार्जशीट दाखिल की जाएगी।

KAPIL SHYAM VIJAY

जहां सोच जवान हो , खबरे बेजुबान नहीं होतीं

Related Articles

Back to top button