बिजोलिया दशहरा: 51 फीट रावण का भव्य दहन, बुराई पर अच्छाई की जीत का दृश्य देखने उमड़ी भीड़

बिजोलिया। नगर में दशहरा पर्व बड़े गुरुवार को बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस दौरान पलकी नदी के किनारे दशहरा मैदान में उमड़ी भारी भीड़ ने रावण दहन का आनंद लिया और असत्य पर सत्य, बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक देखा।
नगर पालिका द्वारा आयोजित कार्यक्रम में मुख्य आकर्षण 51 फीट ऊंचा रावण और 31-31 फीट के मेघनाथ व कुंभकरण के पुतले रहे । रावण की टिमटिमाती आंखें, पेट में चलता चक्र और तलवार से निकलती आग ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। शाम 8.30 बजे रामबाण से रावण की नाभि में तीर साधा गया, और देखते ही देखते विशाल पुतला 15 मिनट में राख में बदल गया। पलकी नदी पर हुई रंग-बिरंगी आतिशबाजी ने माहौल को और भी मनमोहक बना दिया।

दशहरे के मौके पर नगर पालिका ने चारभुजा नाथ मंदिर से शोभायात्रा निकाली, जो नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए दशहरा मैदान में पहुँची। श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर प्रभु राम का अभिनंदन किया और राम दरबार का स्वागत किया।

कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष राजेंद्र बंजारा, अधिशासी अधिकारी पंकज कुमार मंगल, पंचायत समिति सदस्य हितेन्द्र राजौरा, पूर्व पालिका अध्यक्ष पूजा चन्द्रवाल सहित कई जनप्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।




